स्मार्टफोन में मिले ये 8 संकेत तो भूलकर भी न करें इग्नोर, हैक हो सकता है आपका फोन

0

Smartphone Hacking Signs: आज के समय में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंकिंग, सोशल मीडिया, ईमेल, निजी फोटो और जरूरी दस्तावेज—सब कुछ फोन में मौजूद रहता है। ऐसे में यदि आपका स्मार्टफोन हैक हो जाए, तो आपकी निजी जानकारी, बैंक खाते और डिजिटल पहचान खतरे में पड़ सकती है। कई बार हैकिंग के संकेत धीरे-धीरे सामने आते हैं, जिन्हें लोग सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन समय रहते इन संकेतों को पहचानना और जरूरी कदम उठाना बेहद जरूरी है।

आपकी एक छोटी सी लापरवाही बड़ा नुकसान करा सकती है। इसलिए आपको डिजिटल वर्ल्ड में बेहद सावधान रहने की जरूरत है। आइए आपको कुछ ऐसे संकेतों के बारे में बताते हैं जो आपको फोन हैक होने की जानकारी देते हैं। इन संकेतों को आपको भूलकर भी इग्नोर नहीं करना चाहिए।

बैटरी का तेजी से खत्म होना

अगर आपका स्मार्टफोन पहले की तुलना में बिना ज्यादा इस्तेमाल के भी तेजी से डिस्चार्ज होने लगा है, तो यह चिंता का विषय हो सकता है। कई प्रकार के स्पाइवेयर या मैलवेयर बैकग्राउंड में लगातार चलते रहते हैं, जिससे बैटरी की खपत बढ़ जाती है। हालांकि बैटरी खराब होने या पुराने फोन में भी ऐसा हो सकता है। इसलिए बैटरी हेल्थ और बैकग्राउंड ऐप्स की भी जांच करें।

फोन का जरूरत से ज्यादा गर्म होना

अगर फोन ज्यादा इस्तेमाल नहीं हो रहा है फिर भी गर्म होजृ न करने पर भी लगातार गर्म रहता है, तो इसकी वजह कोई संदिग्ध ऐप या बैकग्राउंड में चल रही अनधिकृत गतिविधि हो सकती है। यदि यह समस्या बार-बार हो रही है, तो फोन की जांच करना जरूरी है।

डेटा का असामान्य रूप से ज्यादा खर्च होना

यदि आपका मोबाइल डेटा अचानक सामान्य से अधिक खर्च होने लगे और आपको इसकी वजह समझ न आए, तो संभव है कि कोई ऐप बैकग्राउंड में डेटा भेज या खुद ही कंज्यूम कर रही हो जिसे आपने इंस्टाल न किया हो। ऐसे में डेटा उपयोग की जांच कर यह पता लगाया जा सकता है कि कौन-सी ऐप सबसे ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल कर रही है।

अनजान ऐप्स का दिखाई देना

अगर आपके फोन में ऐसी ऐप्स दिखाई दें जिन्हें आपने कभी डाउनलोड नहीं किया, तो यह गंभीर संकेत हो सकता है। कुछ मैलवेयर खुद को सामान्य ऐप की तरह इंस्टॉल कर लेते हैं। ऐसे ऐप्स को तुरंत हटाएं।

बार-बार पॉप-अप विज्ञापन आना

यदि फोन में बार-बार विज्ञापन, संदिग्ध नोटिफिकेशन या अपने आप ब्राउज़र खुलने जैसी समस्या हो रही है, तो यह एडवेयर (Adware) का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

बिना वजह ऐप्स का क्रैश होना

यदि कई ऐप्स अचानक बंद होने लगें या फोन बार-बार हैंग हो, तो इसके पीछे सॉफ्टवेयर बग भी हो सकता है और मैलवेयर भी। यदि सिस्टम अपडेट के बाद भी समस्या बनी रहती है, तो फोन की सुरक्षा जांच जरूरी है।

कॉल और मैसेज में संदिग्ध गतिविधि

अगर आपके फोन से ऐसे कॉल या SMS भेजे जा रहे हैं जो आपने नहीं किए, या फिर आपको लगातार अजीब तरह के मैसेज मिल रहे हैं तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि किसी और का एक्सेस आपके डिवाइस तक हो गया है।

बैंक या सोशल मीडिया अकाउंट में अनजान लॉगिन

यदि आपको किसी अनजान डिवाइस या लोकेशन से लॉगिन का अलर्ट मिले, तो इसे गंभीरता से लें। यह जरूरी नहीं कि फोन ही हैक हुआ हो, लेकिन आपके अकाउंट की सुरक्षा खतरे में हो सकती है।

फोन हैक होने का शक हो तो क्या करें?

  • फोन को तुरंत अपडेट करें और सभी लंबित सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करें।
  • सभी महत्वपूर्ण अकाउंट्स के पासवर्ड बदलें और मजबूत, अलग-अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
  • जहां संभव हो, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू करें।
  • केवल विश्वसनीय स्रोत से डाउनलोड की गई ऐप्स रखें और अनजान ऐप्स को हटाएं।
  • ऐप्स की Permissions की समीक्षा करें और अनावश्यक अनुमतियां बंद करें।
  • बैंकिंग और ईमेल जैसे महत्वपूर्ण अकाउंट्स की हाल की गतिविधि जांचें।
  • यदि समस्या लगातार बनी रहे, तो जरूरी डेटा का बैकअप लेकर फैक्ट्री रीसेट करने पर विचार करें।

हैकिंग से बचने के आसान उपाय

  • केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें।
  • अनजान लिंक, QR कोड या अटैचमेंट पर बिना जांच क्लिक न करें।
  • सार्वजनिक Wi-Fi का इस्तेमाल करते समय संवेदनशील काम, जैसे इंटरनेट बैंकिंग, करने से बचें।
  • फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स हमेशा अपडेट रखें।
  • स्क्रीन लॉक के लिए मजबूत PIN, पासवर्ड या बायोमेट्रिक सुरक्षा का उपयोग करें।
  • किसी भी ऐप को जरूरत से ज्यादा Permissions न दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here