टेक दिग्गज Apple ने बड़ा नेतृत्व बदलाव करते हुए घोषणा की है कि टिम कुक (Tim Cook) अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे, जबकि जॉन टेर्नस (John Ternus) 1 सितंबर 2026 से कंपनी के नए CEO बनेंगे। कुक ट्रांजिशन के दौरान टर्नस के साथ मिलकर काम करेंगे और भविष्य में भी कंपनी को रणनीतिक दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
स्टीव जॉब्स के बाद बड़ी जिम्मेदारी
2011 में स्टीव जॉब्स (Steve Jobs) के बाद टिम कुक ने जब कंपनी की कमान संभाली, तब एपल एक संवेदनशील दौर से गुजर रही थी। जॉब्स जैसे विजनरी लीडर के बाद कंपनी को उसी ऊंचाई पर बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी। कुक ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए एपल को स्थिरता और निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ाया।
ऑपरेशनल मजबूती और ग्लोबल विस्तार
टिम कुक की सबसे बड़ी ताकत उनकी ऑपरेशनल स्किल मानी जाती है। उन्होंने कंपनी की सप्लाई चेन को बेहद मजबूत बनाया और ग्लोबल स्तर पर एपल की पहुंच को और बढ़ाया। उनके नेतृत्व में एपल ने नए बाजारों में विस्तार किया और अपनी प्रोडक्ट डिलीवरी सिस्टम को अधिक कुशल बनाया। यही कारण रहा कि कंपनी लगातार मुनाफे और वैल्यूएशन के नए रिकॉर्ड बनाती रही।
नए प्रोडक्ट्स के जरिए इकोसिस्टम का विस्तार
कुक के कार्यकाल में Apple ने अपने इकोसिस्टम को iPhone से आगे बढ़ाया। कंपनी ने Apple Watch, AirPods और Vision Pro जैसे इनोवेटिव प्रोडक्ट्स लॉन्च किए। इन डिवाइसेज ने न केवल कंपनी की कमाई बढ़ाई, बल्कि यूजर्स को एक कनेक्टेड और इंटीग्रेटेड डिजिटल अनुभव भी दिया। टिम कुक के दौर में ही आईफोन में नॉच डिस्प्ले, 50 मेगापिक्सल का कैमरा, सिनेमैटिक मोड, 64GB स्टोरेज को खत्म करना आदि जैसे काम हुए हैं।
सर्विसेज और वैल्यूएशन में जबरदस्त उछाल
टिम कुक के नेतृत्व में एपल ने सर्विसेज सेक्टर पर भी खास ध्यान दिया, जिसमें ऐप स्टोर, म्यूजिक, क्लाउड और अन्य डिजिटल सेवाएं शामिल हैं। इसके चलते कंपनी की आय के स्रोत और मजबूत हुए। इसी दौरान एपल दुनिया की पहली ऐसी कंपनी बनी जिसने ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया और बाद में 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई।
आलोचना और चुनौतियां
कुक का कार्यकाल सफल रहा, लेकिन कुछ आलोचनाएं भी सामने आईं। कई विशेषज्ञों का मानना था कि उनके नेतृत्व में एपल ने iPhone जैसा कोई बड़ा क्रांतिकारी प्रोडक्ट पेश नहीं किया। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में कंपनी को प्रतिस्पर्धियों से पीछे रहने के लिए भी आलोचना झेलनी पड़ी।
जॉन टर्नस के नेतृत्व में नई उम्मीदें
अब जॉन टर्नस के हाथों में कंपनी की कमान आने वाली है। टर्नस लंबे समय से एपल के हार्डवेयर डिवेलपमेंट से जुड़े रहे हैं और उन्हें प्रोडक्ट इनोवेशन का विशेषज्ञ माना जाता है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में कंपनी हार्डवेयर और नई तकनीकों पर ज्यादा फोकस करेगी।
भविष्य की दिशा
यह नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय पर हो रहा है जब टेक इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है और AI जैसी तकनीकों का दबदबा बढ़ रहा है। ऐसे में Apple के लिए यह बदलाव बेहद अहम माना जा रहा है। कुक की रणनीतिक समझ और टर्नस की तकनीकी विशेषज्ञता मिलकर कंपनी को एक नए युग की ओर ले जा सकती है।













































