पदमेश न्यूज़।बालाघाटएक ओर शासन प्रशासन द्वारा “घर-घर नल”- “घर घर जल” का वादा कर नगरी क्षेत्र के लोगों को 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराए जाने का दावा किया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर बालाघाट नगर पालिका, क्षेत्र के कुछ हिस्से में एक वक्त का पानी भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है और नगरी क्षेत्र के कुछ लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं कहने का तो नगरपालिका में दो-दो नल योजना संचालित है लेकिन करोड़ों रुपए की दोनों नल जल योजना भी पानी की पूर्ति नहीं कर पा रही है और लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है ताजा मामला नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 19, 20,21 और 22 का है।जहा पानी सप्लाई पाइपलाइन फूटने के चलते सिंधी मोहल्ला, चर्च गली, सोंगापथ, औऱ कृष्णा दूध डेयरी वाले वार्डो में पानी की सप्लाई अवरुद्ध हो चुकी है और लोग पीने के पानी के लिए पिछले 2 दिनों से इधर उधर भटकते नजर आ रहे है।
फूटी पाइपलाइन बनी मुसीबत, आवागमन भी अवरुद्ध
बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस रोड़ दमाहे डेयरी के सामने बनी पुलिया के पास से, पाइप लाइन फूट गई है,जिससे पिछले 2 दिनों से इन 4 वार्डो में पानी की सप्लाई नही हो पा रही है।जिससे वार्ड वासी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं जहां 2 दिन बीत जाने पर भी नगर पालिका द्वारा पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई है, ना ही टेंकरो से पानी पहुचाया जा रहा है।जिससे वार्डवासियों को पानी नही मिल पा रहा है।हलाकि नपा द्वारा फाल्ट को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया गया है लेकिन खबर लिखे जाने तक कार्य पूर्ण नही हो पाया था।फूटी पाइपलाइन को सुधारने के लिए कर्मचारियों द्वारा बीच सड़क में बहुत बड़ा गड्ढा खोदा गया है, वही सड़क मार्ग से यातायात बंद कर सुधार कार्य किया जा रहा है।जिससे इस मार्ग से आवागमन भी अवरुद्ध हो चुका है। जिसका खामियाजा वार्ड वासियों को भुगतना पड़ रहा है।
नल में पानी नही आता, फिर भी टैक्स आता है
नगरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करना नगर पालिका की जिम्मेदारी है लेकिन सभी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करना तो दूर की बात नगरपालिका यहां के बाशिंदों को पीने तक का पानी ठीक से मुहैया नहीं करा पा रही है।वार्ड वासी बताते है कि नगर पालिका ने पाइप लाइन बिछाकर घर घर नल कनेक्शन तो दे दिए हैं लेकिन उन कनेक्शनों में पानी की सप्लाई नहीं की जा रही है जहां वार्ड के ज्यादातर घरों में नल तो है लेकिन उस नल में जल नहीं आता और बिना पानी दिए ही प्रतिवर्ष वार्डवासियों से जल कर वसूला जा रहा है।हालांकि की कई वार्डवासियों को पाइपलाइन फूटने की जानकारी ही नही है।
गर्मी में बढ़ी लोगो की किल्लत, लोग बोले तरन्त सप्लाई किया जाए पानी
भीषण गर्मी के इस दौर में पारा 41 डिग्री के करीब
पहुंच गया है। तापमान बढ़ने से कुंए और तालाब
का जलस्तर कम हो गया है। वॉटर लेवल घटने के
बाद नगर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने लगा है।हालात कुछ इस कदर हो गए हैं कि नगर के कई वार्ड में तो फोर्स से पानी नहीं मिल रहा है और नलों का पानी गुंडी और बाल्टी तक नहीं पहुंच रहा है।जिसके कारण लोग घमेंले में पानी लेकर जग से अपनी गुंडी भरने के लिए मजबूर हैं।बताया गया कि गर्मी के इस सीजन में पानी की डिमांड काफी बढ़ गई है।लेकिन वार्डवासियों को पानी नही मिलने से उनकी तकलीफ बढ़ गई है।
करीब 2 दिनों से हो रहे परेशान, नही हुआ समस्या का निदान
वार्डवासियों ने बताया कि उनके वार्ड में पिछले दो दिनों से पानी की समस्या है। पहले पाइप पुरानी लाइन से भरपूर मात्रा में पानी दिया जाता था लेकिन उसे नगर पालिका द्वारा बंद कर दिया गया है। वही नई पाइपलाइन से पानी की सप्लाई की जा रही है जो पर्याप्त नहीं है और ना ही उसका पानी फोर्स में दिया जा रहा है।जिसके चलते यहां रहने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।अभी 2 दिनों से कुछ भी पानी नही मिला है।
कुआं और बोर वालों के घरों से ला रहे पानी
वार्डवासियों के मुताबिक उनके वार्ड में दो दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है।महज कुछ देर के किए काफी कम मात्रा में पानी दिया जा रहा है जो फोर्स में नहीं आता। इसीलिए अधिकांश लोग कुआं मोटर और बोरवेल वालों के घरों पर निर्भर है। जहां से वे रोजाना पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। तो वही निस्तार के लिए पानी भी दूसरों के घरों से लाना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि यदि मोटर पंप वाले पानी देने से मना कर दें तो पीने तक का पानी उन्हें नहीं मिल पाएगा।
घर मे एक बूंद पानी नही है- राजकुमार
चर्चा के दौरान वार्ड नंबर 21 निवासी राजकुमार ने बताया कि कल से पानी नहीं आ रहा है घर में एक बूंद पानी नहीं है।पार्षद को 2-3 बार फोन लगा चुके है।वो भी सिर्फ आश्वासन पर आश्वासन दे रहे हैं।उन्होंने बताया कि अभी गर्मी का सीजन चल रहा है कुलर में भी पानी लगता है।हम लोग जिनके घर मे बोर है उनसे पानी लेकर काम चला रहे हैं। हमारी मांग है नगर पालिका ने दोनो समय भरपूर पानी की सप्लाई करनी चाहिए।
कही सुनवाई नही हो रही है- पीयूष
वही वार्ड नं 19 निवासी पीयूष तिवारी ने बताया कि पानी की बहुत समस्या चल रही है नल में पानी नहीं आ रहा है, गर्मी का समय है पानी के लिए बहुत परेशानी हो रही है।पार्षद के साथ साथ नगर पालिका में फोन लगाकर बोले, पर कही कोई सुनवाई नही हो रही है। कर रहे हैं।किसी ने बताया है कि पाइपलाइन फूट गई है, जिसे अभी तक नही बनाया गया है।
2 दिन से पानी के लिए परेशान है-भागवत
वार्डवासी भागवत प्रसाद ने बताया कि पिछले दो दिनों से पानी की समस्या चल रही है ,सुबह के वक्त थोड़ा सा पानी आया था,फिर चला गया, पानी सप्लाई ठीक से नही की जा रही है।थोड़ी देर के लिए पानी आया था लेकिन उसमे भी फोर्स नही था।हम पानी भरने गए तो नल बंद हो गया।पिछले 2दिनों से वार्डवासी परेशान है।
सुधारकार्य जारी है, जल्द शुरू होगी पानी सप्लाई- सूर्यप्रकाश उइके
इस पूरे मामले को लेकर की गई औपचारिक चर्चा के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्य प्रकाश उइके ने बताया कि पाइप फूट जाने की वजह से पानी की थोड़ी समस्या आ रही है,कर्मचारी भेजकर सुधार कार्य कराया जा रहा है काफी हद तक पाइप सुधारने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।कर्मचारी लगातार इस कार्य में जुटे हुए हैं संभवत शाम तक या रात तक पानी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।










































