नीमटोला के पास लांजी-भिलाई मार्ग पर हुआ भीषण हादसा,
112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, उपचार जारी
फोटो
पदमेश न्यूज। लांजी।सोमवार की सुबह लांजी-भिलाई मार्ग स्थित ग्राम नीमटोला के समीप उस वक्त चीख पुकार मच गई ,जब तेज रफ्तार 3 मोटरसाइकिल की एक दूसरे से सीधी भिड़ंत हो गई।जहां मोटरसाइकिल आपस में टकराने से हुए इस सड़क हादसे में मोटरसाइकिल में सवार 6 युवक घायल हो गए, जिसमें से एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है।
युवक अखलेश उइके की हालत नाजुक
सोमवार को हुए इस भीषण सड़क हादसे में तीन बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए।तीनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत के बाद सड़क पर घायलों के गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल हादसे की सूचना पुलिस और 112 को दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल लांजी पहुंचाया। हादसे में साहेकी निवासी अखलेश उइके को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
नीमटोला के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार, 10 अगस्त को लांजी-भिलाई मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान ग्राम नीमटोला के समीप तीन बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइकों पर सवार 6 युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और घायलों की मदद शुरू की।
घायलों में इनका शमावेश
लांजी विदाई मार्ग पर हुए इस भीषण सड़क हादसे में अमित डोहरे (23 वर्ष), अनिल गायकवाड़ (43 वर्ष), राजेश हंसराज बागड़े (21 वर्ष), यस गायकवाड़ (8 वर्ष), शुभम सुलाखे (18 वर्ष) और साहेकी निवासी अखलेश उइके घायल हुए हैं। बताया गया कि तीनों बाइकों पर कुल 06 लोग सवार थे। घायलों में अखलेश उइके को गंभीर चोटें आने की जानकारी है।
112 की तत्परता से समय पर मिला उपचार
हादसे की सूचना मिलते ही 112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने सड़क पर घायल पड़े युवकों को उठाकर तत्काल सिविल अस्पताल लांजी पहुंचाया। जहा 112 पायलट आबिद शेख एवं आरक्षक नेमीचंद चेपट ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।
हादसे का कारण अज्ञात, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल तीनों बाइकों के बीच टक्कर किस कारण से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। तेज रफ्तार, वाहन चालकों की लापरवाही अथवा अचानक सामने से वाहन आने सहित अन्य संभावित कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
बढ़ते यातायात के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल
नीमटोला के पास हुए हादसे ने एक बार फिर लांजी-भिलाई मार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग पर लगातार वाहनों की आवाजाही बढ़ रही है। ऐसे में आबादी वाले क्षेत्रों एवं गांवों के आसपास वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा यातायात नियमों का पालन कराने की जरूरत है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है










































