‘97000 रुपए का चालान 45000 में हो जाएगा सेटलमेंट’, बिजली ऑफिस के ‘रिश्वतखोर गैंग’ को लोकायुक्त ने एक साथ दबोचा

0

Indore Lokayukta News: इंदौर लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। चालान सेटलमेंट के नाम पर रिश्वत ले रहे जेई, रीडर और हाउसकीपर को लोकायुक्त ने दबोचा है। रिश्वतखोरी में बिजली ऑफिस का पूरा कुनबा शामिल था।

इंदौर: रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्काई कॉरपोरेट बिल्डिंग में कैफे चलाने वाले संचालक से चालान का सेटलमेंट कराने के नाम पर 45 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के मुताबिक इसमें से 40 हजार रुपए पहले ही दो किस्तों में लिए जा चुके थे। बाकी 5 हजार रुपए लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई की है।

जेई और मीटर रीडर के खिलाफ केस दर्ज

मामले में एमपीईबी के अरण्य जोन में पदस्थ जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा और मीटर रीडर संदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। रिश्वत की रकम स्काई कॉरपोरेट बिल्डिंग के हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा के जरिए ली गई थी। लोकायुक्त टीम ने दीपक सचदेवा के माध्यम से संदीप मिश्रा को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया है।

97 हजार रुपए का बनाया था चालान

लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता आर्जव जैन स्काई कॉरपोरेट बिल्डिंग के 9वें माले पर विरूश कैफे चलाते हैं। एमपीईबी अरण्य जोन के जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा ने कैफे पर कार्रवाई करते हुए 97 हजार रुपए का चालान बनाया था।

45000 रुपए की मांगी थी रिश्वत

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस चालान का सेटलमेंट कराने के लिए मीटर रीडर संदीप ने 45 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 20-20 हजार रुपए की दो किस्तों में कुल 40 हजार रुपए पहले ही दिए जा चुके थे। इसके बाद बाकी 5 हजार रुपए देने की बात थी।

लोकायुक्त में की थी शिकायत

कैफे संचालक ने रिश्वत मांगने की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में की थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने उसका सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर 23 नवंबर 2026 को जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा और मीटर रीडर संदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की संशोधित धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पार्किंग में हुई ट्रैप कार्रवाई

लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को स्काई कॉरपोरेट बिल्डिंग स्कीम नंबर 78 स्थित बी-1 पार्किंग में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए लिए। इसके बाद दीपक के माध्यम से मीटर रीडर संदीप मिश्रा को रिश्वत की रकम मिलते हुए लोकायुक्त टीम ने पकड़ लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here