लालबर्रा (पद्मेश न्यूज)। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत अमोली में २२ जुलाई को सरपंच पद के लिए उपचुनाव होना था। जिसकी तैयारी निर्वाचन आयोग के अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा पूरी कर ली गई थी एवं मतदान दल भी मतदान केन्द्र पहुंच गये थे। वहीं २१ जुलाई को शाम ४ बजे सरपंच संघ जिलाध्यक्ष वैभवसिंह बिसेन अन्य सरपंचों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार एवं जनपद पंचायत में खण्ड पंचायत अधिकारी को जबलपुर हाई कोर्ट के द्वारा आगामी तिथि तक चुनाव स्थगित किये जाने के संबंध में जारी हुए नोटिफिकेशन की एक प्रति सौंपकर २२ जुलाई को होने वाले चुनाव को रोकने की मांग की। जिसके बाद निर्वाचन अधिकारियों के द्वारा मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग को इसकी सूचना दी गई। लेकिन निर्वाचन आयोग भोपाल से उपचुनाव स्थगित होने के आदेश जारी नही होने के कारण सभी सस्पेंस में थे कि चुनाव होगें या नही। साथ ही स्थानीय निर्वाचन प्रशासन के द्वारा चुनाव की तैयारी जारी रखी गई थी और ग्राम में सरपंच पद के उपचुनाव को लेकर मतदाताओं के साथ ही प्रत्यशी भी असमंजस्स में बने हुए थे। किन्तु देरशाम म.प्र. निर्वाचन आयोग के द्वारा अमोली पंचायत में होने वाले उपचुनाव को स्थगित करने का पत्र जारी किया गया। जिसके बाद अमोली पंचायत में २२ जुलाई को सरपंच पद के लिए चुनाव होगें या नही को लेकर जो सस्पेंस बना हुआ था जिस पर विराम लग चुका है। इस तरह से अब अमोली में २२ जुलाई को होने वाला उपचुनाव कुछ समय के लिए स्थगित हो गया है। वहीं पूर्व सरपंच किशोर पडवार के द्वारा हाई कोर्ट में अविश्वास प्रस्ताव के विरूध्द दायर की गई याचिका की सुनवाई होने के बाद उपचुनाव के लिए नई अधिसूचना या चुनाव के संबंध में नई गाइडलाईन जारी की जायेगी। साथ ही उपचुनाव स्थगित होने के बाद अमोली पंचायत में स्थानापन्न सरपंच श्रीमती सुकवन समनपुरे आगामी समय तक यथावत सरपंच के पद पर बनी रहेगी। वहीं उपचुनाव स्थगित होने के बाद मतदान दल भी वापस हो गया।
आपकों बता दे कि ग्राम पंचायत अमोली में विगत माह पूर्व सरपंच किशोर पडवार के विरोध में अविश्वास प्रस्ताव पारित कर सरपंच पद से हटाने की कार्यवाही की गई थी। जिसके बाद से इस पंचायत में सरपंच का पद रिक्त था और ६ माह की अवधि के लिए स्थानापन्न सरपंच श्रीमती सुकवन समनपुरे को निर्वाचित किया गया था। जिसके बाद निर्वाचन आयोग के द्वारा १ जुलाई को ग्राम पंचायत अमोली में सरपंच पद के लिए उपचुनाव हेतु अधिसूचना जारी किया गया था एवं ८ जुलाई तक अनुसूचित जनजाति वर्ग से दो प्रत्याशियों के द्वारा अपने नामांकन फार्म जनपद पंचायत कार्यालय लालबर्रा में जमा कि ये गये थे और २२ जुलाई को चुनाव संपन्न होना है। वहीं नामांकन की प्रक्रिया पुर्ण होने के बाद दोनों प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित हो चुके थे। जिसमें रविशंकर हट्टेवार को कांच की गिलास और कमलेश हिवारे को चश्मा चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ था। जिनके द्वारा प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा था एवं २२ जुलाई को चुनाव होना था जिसके बाद पूर्व सरपंच किशोर पडवार के द्वारा म.प्र. हाई कोर्ट में याचिका के निराकरण में विलंब होने के कारण याचिका के निराकरण तक यथास्थिति की मांग की गई थी। जिस पर सुनवाई करते हुए म.प्र. हाई कोर्ट के द्वारा १८ जुलाई को आगामी तिथि तक के लिए उपचुनाव को स्थगित करने के लिए नोटिफिकेशन जारी किये गये थे। जिसकी प्रति २१ जुलाई को जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी लालबर्रा को सौंपकर आदेश का पालन कर चुनाव स्थगित करने की मांग की गई थी। इस तरह से अमोली में सरपंच पद के लिए होना वाला उपचुनाव आगामी तिथि तक के लिए स्थगित हो चुका है। जिसके संबंध में म.प्र. निर्वाचन आयोग के द्वारा सोमवार को देरशाम को जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र जारी कर चुनाव स्थगित करने के निर्देश दिये गये है।
दूरभाष पर चर्चा में खंड पंचायत अधिकारी खिलेन्द्र सोनवंशी ने बताया कि २२ जुलाई को अमोली में होने वाले सरपंच पद के उपचुनाव की तैयारियां पूर्ण हो चुकी थी और २१ जुलाई को सरपंच संघ जिलाध्यक्ष अपने सरपंच साथियों के साथ म.प्र. हाई कोर्ट से निर्वाचन को रोकने के संबंध में जारी हुए नोटिंिफकेशन की कापी लेकर पहुंचे थे। जिसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी व चुनाव आयोग को उसकी जानकारी दी गई और देरशाम म.प्र. निर्वाचन आयोग के द्वारा अमोली में होने वाले उपचुनाव को आगामी तिथि तक के लिए स्थगित करने के संबंध आदेश जारी किये गये है। जिसके परिपालन में आगामी तिथि तक के लिए चुनाव स्थगित किया जाता है।










































