कोलंबो: पाकिस्तान को भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के कोलंबो में खेले गए मुकाबले में 61 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान ने मैच में टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। ऐसे में टीम इंडिया ने खराब शुरुआत के बाद ईशान किशन की 40 गेंद में 77 रन की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या के अगुआई वाल गेंदबाजी आक्रमण ने पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को धराशाई करके पॉवरप्ले में ही भारत की जीत पक्की कर दी। पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई। पाकिस्तान की यह हार टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे बड़ी हार है।
अपनी योजनाओं पर नहीं कर पाए अमल
भारत के खिलाफ मैच गंवाने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टीम की हार का ठीकरा अपने स्पिनर्स के सिर पर फोड़ा। उन्होंने कहा, हम मैच में चार स्पिनर्स के साथ उतरे, आज उनका दिन अच्छा नहीं था। हम मैच के कुछ हिस्सों में अपनी योजना पर अमल नहीं कर सके। सलमान आगे ने बल्लेबाजों को नाकामी पर कहा, बल्ले से हमने अच्छी शुरुआत नहीं की, अगर आप पॉवरप्ले में तीन चार विकेट गंवा देते हैं तो आप हमेशा मैच में पीछे भागते रहते हैं।
पहले पारी में बल्लेबाजी के लिए मुश्किल थी पिच
सलमान अली ने कोलंबो की पिच के मिजाज पर कहा, पहली पारी में पिच में बल्लेबाजी करना थोड़ा मुश्किल था। बॉल पिच पर ग्रिप कर रही थी। दूसरी पारी में पिच अच्छा खेल रही थी। हम परिस्थितियों के अनुरूप गेंदबाजी करने में नाकाम रहे। इसके बाद हम अच्छी बल्लेबाजी भी नहीं कर सके। भारत पाकिस्तान मुकाबले के दबाव पर सलमान अली आगा ने कहा, ऐसे मैच में भावनाएं हमेशा अपने चरम पर होती हैं आपको इन्हें संभालना होता है। हम ऐसे कई मैच खेल चुके हैं।
सुपर-8 में क्वालीफाई करने पर है ध्यान
पाकिस्तान के सुपर-8 में पहुंचने के बारे में सलमान ने कहा, कुछ दिनों में हमारा एक मैच है। हमें उसका इंतजार है। हमें सुपर-8 में क्वालीफाई करने के लिए उस मैच को जीतना होगा। इसके बाद ये फिर से एक नया टूर्नामेट है।










































