बनियाटोला में नल जल योजना में 5 फीट गहरे गड्ढों में उतरकर पानी भरने को मजबूर ग्रामीण

0

सरकार की हर घर जल योजना का दावा ग्राम पंचायत कायदी के बनियाटोला में दम तोड़ता नजर आ रहा है। यहाँ नल जल योजना ग्रामीणों के लिए सुविधा के बजाय मुसीबत का सबब बन गई है। आलम यह है कि पर्याप्त दबाव नही होने के कारण ग्रामीणों को अपने घरों के सामने ५ फीट गहरे गड्ढे खोदने पडे हैं। जिनमें उतरकर वे बमुश्किल पीने का पानी जुटा पा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग द्वारा योजना के क्रियान्वयन में भारी लापरवाही बरती गई है। क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने के बजाय पुरानी जर्जर पाइपलाइन से ही कनेक्शन जोड दिए गए हैं। इसके चलते पानी का प्रेशर इतना कम है कि वह घरों के भीतर तक नहीं पहुँच पाता। स्थिति यह है कि नई पानी की टंकी बनने के बाद भी ग्रामीणों को आज भी दूर दराज के जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व में एसडीएम वारासिवनी और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन १८१ पर भी गुहार लगाई थी। शिकायतों के बाद अधिकारियों ने मौके का मुआयना तो किया लेकिन आश्वासन के सिवाय धरातल पर कोई सुधार नजर नहीं आया। अधिकारियों की उदासीनता से बनियाटोला के निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यदि जल्द ही नई पाइपलाइन विस्तार का कार्य पूर्ण कर पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो यह दिक्कत बनी रहेगी। हमारी मांग हैं की पर्याप्त पानी नल जल योजना के माध्यम से उपलब्ध कराने योजना में आ रही समस्या का समाधान करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here