पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी थाना अंतर्गत ग्राम वारा के वार्ड नंबर २० शिवधाम मोहल्ला में सोमवार मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने शासकीय ठेकेदार प्रवीण खरोले के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब ७ तोला सोना, आधा किलो चांदी और नगदी सहित लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार उपचार हेतु गोंदिया गया हुआ था।
उपचार के लिए बाहर था परिवार पीछे से हो गई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती रंजीता खरोले का स्वास्थ्य ३० मार्च की सुबह अचानक खराब हो गया था। उनके पति शासकीय ठेकेदार प्रवीण खरोले उन्हें सुबह १० बजे उपचार के लिए गोंदिया के एक निजी अस्पताल ले गए थे। अस्पताल में श्रीमती खरोले का ऑपरेशन होने के कारण पूरा परिवार दोनों पुत्र और पुत्री भी ३१ मार्च को घर में ताला लगा होने से वह गोंदिया अस्पताल चले गए थे। ३१ मार्च को अस्पताल से छुट्टी होने पर पूरा परिवार वापस घर के लिए निकला। तो इस दौरान सबसे पहले शाम करीब ४.३० बजे जब उनका पुत्र आदर्श खरोले घर वापस लौटा तो उसके होश उड़ गए। घर के मुख्य दरवाजे के ताले का कुंदा टूटा हुआ था और अंदर का सारा सामान अस्त व्यस्त बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तत्काल डायल ११२ और स्थानीय पुलिस थाने को दी गई जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है।
चोरी गई संपत्ति का विवरण
चोरों ने घर के दोनों बेडरूम की अलमारियों के लॉकर तोडक़र कीमती जेवरात और नगदी पार कर दी। चोरी गई सामग्री में मुख्य रूप से सोना के ३ मंगलसूत्र,२ कान के टॉप्स व अन्य जेवर कुल करीब ७ तोला। वहीं चांदी के ५० तोले की २ नग पायल, १ चांदी की चैन और २ अंगूठी सहित करीब १७००० रुपये नगदी अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी कर लिया गया।
शिवधाम में भय व्याप्त
शिवधाम मोहल्ले के निवासियों ने पुलिस प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी व्याप्त है। शिवधाम में चोरी की यह पहली घटना नहीं है इससे पहले भी कई बार चोरियों हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस आज तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। बार बार हो रही वारदातों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है। फि लहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है। लेकिन अब देखना यह होगा कि क्या इस बार चोर कानून के शिकंजे में आते हैं या हर बार की तरह पुलिस के हाथ खाली ही रहते हैं।
पुलिस प्रशासन अज्ञात चोरो को गिरफ्तार करें – प्रवीण खरोले
प्रवीण खरोले ने बताया की सोमवार की सुबह मेरी पत्नी की तबीयत खराब होने पर हम गोंदिया के निजी अस्पताल में उपचार के लिए गए थे। जहां डॉक्टर के द्वारा ऑपरेशन किया गया इस दौरान हम घर में ताला लगाकर गए थे तो पूरा घर सुना था। मंगलवार की शाम करीब ४.३० बजे हम घर आए तो देखे की मुख्य दरवाजे में ताला लगाने वाला कुंडा उखड़ा हुआ है। ताला लगा हुआ है अंदर पूरा सामान बिखरा हुआ था जिसकी सूचना हमने पुलिस को दी। पुलिस ने घटना का निरीक्षण किया है थाने में शिकायत किये हैं इस चोरी में अज्ञात चोरों ने करीब ७ तोला सोना और ५० तोला से अधिक चांदी सहित नकद करीब १७००० की चोरी की है। पुलिस प्रशासन से मांग है कि वह अज्ञात चोर को जल्द गिरफ्तार कर उन्हें उनकी सामग्री वापस करवायें।








































