पदमेश न्यूज़,बालाघाट।कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय की निहित विभिन्न अव्यवस्थाओं, का निराकरण कर, सुविधाओं में विस्तार किए जाने की मांग को लेकर, शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बालाघाट द्वारा महाविद्यालय प्रबंधन को एक ज्ञापन सौपा गया है।जहां अपनी प्रमुख 3 सूत्रीय मांगो को लेकर ज्ञापन सौपने के पूर्व विघार्थियों ने एबीवीपी के माध्यम से जमकर नारेबाजी कर, समस्याओं की ओर कालेज प्रबंधन का ध्यानाकर्षण कराते हुए उनकी सभी मांगो को यथाशीघ्र पूरी किए जाने की गुहार लगाई है।इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ,अन्य विघार्थियों व परिषद के पदाधिकारियों द्वारा छात्रावास का शुल्क घटाने, महाविद्यालय परिसर में कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने और एडमिशन, छात्रावास, परीक्षा फार्म ,छात्रवृत्ति सहित अन्य कार्यो के लिए खोले गए विंडो,काउंटरों का समय बढ़ाए जाने की मांग की है।जिन्होंने इन मांगों को पूरा करने के लिए, महाविद्यालय प्रबंधन को 15 दिनों की मोहलत देते हुए, समय सीमा में समस्याओं का निराकरण ना होने पर, कालेज में तालाबंदी कर आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है।
समस्याओं से झूझ रही छात्राएं
ज्ञापन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि महाविद्यालय में अध्ययनरत ,छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा है, ताकि दूर दराज व ग्रामीण अंचलों में रहने वाली छात्राएं छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर सके, लेकिन उस छात्रावास में रहने के लिए महाविद्यालय द्वारा अधिक शुल्क वसूला जा रहा है।बताया गया कि महाविद्यालय परिसर स्थित नवनिर्मित छात्रावास की शुल्क दरें अत्यधिक होने के कारण छात्राएं इसे लेने में असमर्थ हैं। इसलिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध होने के बाद भी भवन रिक्त है और छात्राएं असुरक्षित दूरस्थ स्थानों पर रहने को विवश हैं।परिषद पदाधिकारियो ने छात्रावास के लिए लगने वाले शुल्क में कटौती किए जाने की मांग की है।साथ ही महाविद्यालय में कैंटीन सुविधा ना होने पर भी परिषद ने एतराज जताते हुए, इसे जल्द शुरू किए जाने की मांग की है।पदाधिकारियो ने बताया की महाविद्यालय परिसर में पहले कैंटीन का संचालन होता था, जिसे बंद कर दिया गया है। कैंटीन बंद होने से छात्राओं को जलपान हेतु बाहर जाना पड़ता है।जिससे न केवल उनके समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी यह उचित नहीं है।उन्होंने महाविद्यालय में छात्राओं के लिए तत्काल प्रभाव कैंटीन की सुविधा पुनः प्रारंभ करने की गुहार लगाई है।इसके अलावा एबीवीपी द्वारा महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधाओं के लिए खोले गए विंडो काउंटर का समय बढ़ाए जाने की भी मांग की है।पदाधिकारियो ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को महाविद्यालय आने में काफी समय हो जाता है।जबकि विंडो काउंटर जल्दी बंद कर दिए जाते है।इस बात को
ध्यान में रखते हुए विंडो/काउंटर के समय में वृद्धि की जानी चाहिए,ताकि परिवहन की समस्याओं के कारण कोई भी छात्रा परीक्षा फॉर्म जमा एवं अन्य कार्यों से वंचित न रहे।
तो कालेज में तालाबंदी कर, करेंगे प्रदर्शन-कोमल
चर्चा के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकारिणी सदस्य कोमल भंडारकर ने बताया कि कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।यहां छात्रावास की सुविधा तो है लेकिन उसका शुल्क करीब 2500 वसूला जा रहा है, जो कि अधिक है। हमारी मांग है कि इस शुल्क को काम किया जाए।इसके अलावा कॉलेज में पहले कैंटीन की व्यवस्था होती थी उसे भी बंद कर दिया है ऐसे में छात्राएं बाहर जाकर जल पान करती हैं हमारी मांग है कि छात्राओं के लिए महाविद्यालय परिसर में ही कैंटीन की व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए इसके अलावा परीक्षा फीस जमा करना,परीक्षा फॉर्म, एडमिशन, छात्रावत्ति सहित अन्य कार्यों के लिए महाविद्यालय में विंडो काउंटर की व्यवस्था की गई है लेकिन विंडो काउंटर का समय काफी कम होने के चलते दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।हमारी मांग है कि काउंटर की व्यवस्था बढ़कर इसके समय को भी बढ़ाया जाए ताकि कोई भी छात्रा परीक्षा फॉर्म सहित महाविद्यालय से संबंधित अन्य कार्यों से ना चुके। इसके लिए हमने आज ज्ञापन के माध्यम से महाविद्यालय प्रबंधन को 15 दिनों की मोहलत दी है। यदि इन 15 दिनों के भीतर हमारी तीनों मांगों को पूरा नहीं किया जाता तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर पर कन्या महाविद्यालय में तालाबंदी कर, उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।








































