इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने कहा है कि भारत के पास सिप्री के अनुमानों से भी कहीं ज्यादा परमाणु हथियार हो सकते हैं। पाकिस्तान का बयान उस वक्त आया है जब सिप्री की रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि भारत ने तेजी से परमाणु हथियारों की संख्या में इजाफा किया है और अब भारत के पास 190 परमाणु हथियार हो सकते हैं जबकि पाकिस्तान के पास 170 परमाणु हथियार ही हैं जो पिछले साल के मुताबिक ही हैं। सिप्री ने कहा है कि भारत ने पिछले साल के मुकाबले 10 परमाणु हथियार और बनाए हैं।
पाकिस्तान ने गुरुवार को तेजी से बढ़ती रणनीतिक क्षमताओं और परमाणु हथियारों की एडवांस क्षमता को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया है। भारत को बार बार परमाणु युद्ध की धमकी देने वाले पाकिस्तान ने नई दिल्ली की बढ़ती परमाणु क्षमता के असर को लेकर चिंता भी जताई। भारत के सैन्य आधुनिकीकरण को लेकर इस्लामाबाद की बेचैनी जाहिर करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत के परमाणु हथियारों का असल दायरा ‘मौजूदा अनुमानों से ज्यादा हो सकता है।’ उसने स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के आंकड़ों का हवाला दिया।










































