नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से ये सवाल बार-बार पूछा जा रहा है कि क्या भारत और पाकिस्तान के बीच पर्दे के पीछे बातचीत चल रही है। सवाल इसलिए उठ रहे हैं, क्योंकि श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में पाकिस्तान और भारत के सैन्य अधिकारियों की मीटिंग का सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है। इस दावे पर भारत सरकार का आधिकारिक बयान आ गया है।
कई जगह होते हैं कार्यक्रम
विदेश मंत्रालय की तरफ से विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इस सवाल का जवाब दिया है। मिसरी ने कहा कि उन्होंने इन मीडिया रिपोर्ट्स को देखा है और उन्हें इस दावे की जानकारी है। उन्होंने आगे कहा कि दुनिया भर में कई जगहों पर अलग-अलग विषयों पर इस तरह के दर्जनों कार्यक्रम होते रहते हैं। इन कार्यक्रमों में कुछ भी नया या खास नहीं है। जहां तक हमारी बात है, ये निजी पक्षों का निजी कार्यक्रम हैं।








































