Ayatollah Ali Khamenei Funeral: अमेरिका और इजरायल के हमलों में मारे गए ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कई दिन तक चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम शनिवार से शुरू हो गए। फरवरी में ईरान युद्ध की शुरुआत में हुए हवाई हमले में 86 वर्षीय खामेनेई की मौत हो गई थी। खामेनेई का शव ईरान की राजधानी तेहरान स्थित ’ग्रैंड मोसल्ला’ में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखे जाने का कार्यक्रम है।
भारत सरकार का एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी ईरान के राष्ट्रव्यापी शोक में शामिल हुआ, जहां भारत सरकार की तरफ से बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, शुक्रवार (03 जुलाई) को कार्यक्रम में 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
अयातुल्ला अली खामेनेई का अंतिम संस्कार सिर्फ एक धार्मिक या पारिवारिक रस्म नहीं माना जा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि तेहरान इस समारोह को अपनी राजनीतिक ताकत, जनसमर्थन और रणनीतिक संदेश देने के मंच के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। हाल ही में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव के बीच आयोजित यह अंतिम संस्कार पूरी दुनिया की निगाहों में है। ऐसे समय में जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल लगातार ईरान पर दबाव बनाए हुए हैं, तेहरान इस समारोह के जरिए यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि उसके नेतृत्व और व्यवस्था के प्रति जनता का समर्थन अब भी मजबूत है।









































