बैतूल कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सहित समर्थकों पर मारपीट और एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज

0

बैतूल। शहर के जैन दादावाड़ी परिसर में 18 जुलाई को आयोजित कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। घटना के दो दिन बाद 20 जुलाई को देर शाम कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और धक्का-मुक्की के आरोप लगाए हैं। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पहले मामले में आमला निवासी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विजय पारधी की शिकायत पर पुलिस ने नवनीत मालवीय, पूर्व पीएचई मंत्री सुखदेव पांसे, मनोज मालवे और सलमान खान के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 18 जुलाई की शाम करीब पांच बजे कार्यक्रम के दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, धक्का दिया, जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

वरिष्ठ नेताओं तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराने से मना किया था

वहीं दूसरे मामले में मनोज मालवे की शिकायत पर पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, विजय पारधी, हर्षवर्धन धोटे और मोनू बड़ोनिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान पूर्व पीएचई मंत्री सुखदेव पांसे के अपमान की आशंका के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने उनका गला दबाया, लात-घूंसों से मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद वरिष्ठ नेताओं ने मामले को शांत कराते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने की सलाह दी थी।

कोतवाली पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(2), 3(5) तथा एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here