SA20 Fifth Edition Schedule Announced: दक्षिण अफ्रीका की घरेलू क्रिकेट लीग एसए20 का पांचवा सत्र 17 जनवरी को शुरू होगा, जिसमें पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप (Sunrisers Eastern Cape) और प्रिटोरिया कैपिटल्स (Pretoria Capitals) के बीच गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेला जाएगा। प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और कप्तान केशव महाराज हैं। उसकी टीम पिछले सत्र में फाइनल में पहुंची थी।
सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने खिलाड़ियों और कप्तानी में बदलाव के बावजूद अपना दबदबा बरकरार रखा है। उसने मुख्य कोच एड्रियन बिररेल की मौजूदगी में एक बार फिर से चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इसे देखते हुए इन दोनों टीम के बीच पहला मुकाबला काफी रोमांचक होने की संभावना है।
छह टीमों के इस टूर्नामेंट में डरबन सुपर जायंट्स, जोबर्ग सुपर किंग्स, एमआई केप टाउन, प्रिटोरिया कैपिटल्स, पार्ल रॉयल्स और सनराइजर्स ईस्टर्न केप शामिल हैं। इन सभी फ्रेंचाइजी का पूर्ण या आंशिक स्वामित्व आईपीएल टीम के मालिकों के पास है।
प्लेऑफ की शुरुआत 16 फरवरी को पार्ल में क्वालीफायर एक से होगी। इसके बाद 17 फरवरी को जोहानिसबर्ग में एलिमिनेटर और 19 फरवरी को क्वालीफायर दो खेला जाएगा। फाइनल 21 फरवरी को केप टाउन में होगा।
इस सत्र में चार डबल-हेडर मैच होंगे। इनमें से पहला 23 जनवरी को होगा जब डरबन सुपर जायंट्स किंग्समीड में प्रिटोरिया कैपिटल्स की मेजबानी करेगी, जिसके बाद उसी दिन जोबर्ग सुपर किंग्स वांडरर्स में सनराइजर्स ईस्टर्न केप का सामना करेगी।
इसके बाद 30 जनवरी, छह फरवरी और 13 फरवरी को भी दो-दो मैच खेले जाएंगे। एसए20 लीग के कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा, “एसए20 के पांचवें सत्र की शुरुआत पिछले साल फाइनल में जगह बनाने वाली दोनों टीम के बीच होने वाले मैच से होगी और यह रोमांचक मुकाबला होने की संभावना है। सत्र की शुरुआत का इससे बेहतर कोई बेहतर तरीका नहीं हो सकता।”










































