मुरैना। मुरैना जिले के जौरा स्थित पगारा डेम पर बुधवार शाम पिकनिक मनाने आए छह दोस्तों में से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। ग्वालियर से आए इन दोस्तों में से चार युवक डेम में नहाने उतरे थे। तीन युवक सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन 30 वर्षीय त्रिलोक गुप्ता तेज बहाव में फंसकर डूब गए। सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरे के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन करीब दो घंटे की मेहनत के बाद युवक का शव डेम से बाहर निकाला गया।
ग्वालियर से स्कॉर्पियो में आए थे पगारा डेम घूमने
पुलिस के अनुसार, ये युवक ग्वालियर के मुरार क्षेत्र से स्कॉर्पियो में पगारा डेम घूमने आए थे। दिनभर डेम क्षेत्र में समय बिताने के बाद शाम करीब 5:30 बजे चार युवक पानी में नहाने उतरे। तैराकी में सक्षम तीन युवक सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन त्रिलोक गुप्ता गहरे पानी में फंस गए। दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह लापता हो गए।
युवक के डूबने की जानकारी मिलते ही उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग भी जुट गए। स्थानीय लोगों ने खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। SDRF की टीम ने अंधेरे में रेस्क्यू शुरू किया, जिसमें कठिनाई आई। अंततः दो घंटे बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।
मृतक त्रिलोक मुरार क्षेत्र में चलाता था दुकान
मृतक त्रिलोक गुप्ता ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में दुकान चलाते थे। हादसे की सूचना पर परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि युवक किस स्थान पर पानी में उतरा था।










































