15 अगस्त के उल्लास में खल रही गणवेश की कमी, न राशि मिली न ड्रेस; जिले के 1.14 लाख विद्यार्थियों को इंतजार

0

पदमेश न्यूज़।बालाघाट। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को लेकर जहां जिलेभर में उत्साह का माहौल है, वहीं सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों को नई गणवेश नहीं मिलने से मायूसी है। 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों में जिले के अधिकांश सरकारी स्कूलों के बच्चे पुरानी अथवा फटी-पुरानी गणवेश में ही शामिल होने को मजबूर होंगे।अब तक न तो विद्यार्थियों को नई गणवेश उपलब्ध कराई गई है और न ही गणवेश के लिए निर्धारित राशि उनके खातों में पहुंची है।जिसको लेकर विघार्थी परेशान है।

पहली से 8वी तक के बच्चो को मिलती है गणवेश की राशि
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को दो जोड़ी गणवेश के लिए 600 रुपए की राशि प्रदान की जाती रही है। लेकिन इस शैक्षणिक सत्र में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले तक भी राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे में विद्यार्थियों और उनके पालकों के सामने राष्ट्रीय पर्व पर नई गणवेश उपलब्ध होने को लेकर भी संशय बना हुआ है।

विभाग ने किया पत्राचार, नहीं मिला जवाब
जिला शिक्षा केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार गणवेश के संबंध में राज्य शिक्षा केन्द्र से पत्राचार कर जानकारी मांगी गई थी, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 में शासन स्तर से गणवेश तैयार करवाकर विद्यार्थियों को वितरित की गई थी। इसमें कई प्रकार की समस्याएं सामने आने के बाद विद्यार्थियों के पालकों के खातों में 600 रुपए की राशि प्रदान करने की व्यवस्था शुरू की गई थी। इस वर्ष भी राशि दिए जाने की जानकारी सामने आ रही है, लेकिन ये कब मिलेगी इसकी कोई समय सीमा तय नही की गई है।बताया गया कि इस वर्ष गणवेश को लेकर अंतिम निर्णय वरिष्ठ स्तर से होना है।

दो जोड़ी गणवेश के लिए 600 रुपए
सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को दो जोड़ी गणवेश के लिए 600 रुपए दिए जाते हैं। वर्ष 2022-23 में पहली से चौथी तथा छठवीं और सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों को महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से गणवेश तैयार करवाकर वितरित की गई थी। हालांकि वितरण के दौरान कई खामियां सामने आने के बाद पुन: राशि विद्यार्थियों के खातों में भेजने की व्यवस्था की गई।

जिले के 1.14 लाख विद्यार्थियों को इंतजार
विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले के 2172 सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत 1 लाख 14 हजार 822 विद्यार्थियों को गणवेश अथवा गणवेश की राशि का लाभ दिया जाना है। लेकिन अब तक एक भी विद्यार्थी के खाते में राशि नहीं पहुंची है। बताया जा रहा है कि प्रदेश स्तर से सिंगल क्लिक के माध्यम से विद्यार्थियों के खातों में राशि अंतरित की जाएगी। इसके लिए जिला स्तर पर पात्र विद्यार्थियों की सूची और बैंक खाता संबंधी जानकारी को अपडेट करने का काम किया जा रहा है।

पालकों ने जल्द राशि जारी करने की मांग की
विद्यार्थियों और उनके पालकों ने भले ही ऑन कैमरे में कुछ नही कहा, लेकिन ऑफ़ कैमरे में उन्होंने गणवेश की राशि शीघ्र जारी करने की मांग की है। पालकों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को नई गणवेश में स्कूल जाने की उम्मीद थी, लेकिन राशि नहीं मिलने के कारण यह संभव नहीं हो सका। अब कम से कम आगामी गणतंत्र दिवस सहित अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों से पहले राशि जारी की जाए, ताकि बच्चे नई गणवेश खरीद सकें।

यह मामला वरिष्ठ स्तर का है-बर्मन
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान जिला शिक्षा केंद्र डीपीसी जीएस बर्मन ने बताया कि इस वर्ष “गणवेश या राशि प्रदाय का जो मामला है वह वरिष्ठ स्तर का है। जिला स्तर पर पात्र विद्यार्थियों की लिस्टिंग कर उनके बैंक खाता नंबरों को अपडेट किया जा रहा है। प्रदेश स्तर से ही एक साथ सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि डाली जानी है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here