ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा

0

पुराने जनपद पंचायत कार्यालय के सामने लगे ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी, नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति कराई गई बहाल

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रोंं में इन दिनों विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मरों से ऑयल (तेल) चोरी करने वाला एक शातिर गिरोह सक्रिय है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे आये दिन अलग-अलग इलाकों में लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर कीमती ऑयल चोरी कर रफूचक्कर हो रहे हैं। ताजा मामला विद्युत वितरण केंद्र लालबर्रा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत पनबिहरी का है, जहां पुराने जनपद पंचायत कार्यालय के सामने लगे ट्रांसफार्मर से बीती रात अज्ञात चोरों ने ऑयल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ऑयल निकलने के कारण आधी रात में अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलने लगी और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बारिश के मौसम में ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। वहीं अचानक बिजली बंद होने पर ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को सूचना दी। शनिवार की सुबह जब बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि ट्रांसफार्मर से सारा ऑयल चोरी हो चुका था, जिसके कारण ट्रांसफार्मर जलकर खराब हो गया। जिसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। शनिवार को विद्युत विभाग की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर सुधार कार्य शुरू किया और खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। जिसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, तब जाकर स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली।

रात के अंधेरे का फायदा उठा रहा गिरोह

आपकों बता दे कि लालबर्रा क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी की ये घटनाएं मुख्य रूप से देर रात के समय अंजाम दी जा रही हैं। चोरों को अच्छी तरह से पता रहता है कि किस समय विद्युत विभाग या स्थानीय लोगों की आवाजाही कम रहती है। क्षेत्र में इस तरह की वारदातें पहली बार नहीं हुई हैं, बल्कि इसके पूर्व भी विगत माह से क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर इस तरह की कई वारदाते सामने आ चुकी है। लेकिन पुलिस अब तक अज्ञात चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। विद्युत ट्रांसफार्मरों से ऑयल (तेल) ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के कारण विभाग को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही नई व्यवस्था बहाल करने और तेल दोबारा भरने में काफी समय लग रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। लगातार हो रही चोरियों और बिजली कटौती से स्थानीय जनता और किसानों में रोष व्याप्त है। वहीं विद्युत विभाग ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाकर अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here