एक ही ट्रांसफार्मर से १० दिन में दूसरी बार तेल चोरी,

0

पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
लालबर्रा के व्यस्ततम पनबिहरी मार्ग की घटना, रात भर गुल रही बिजली, विभाग ने नया ट्रांसफार्मर लगाकर बहाल की आपूर्ति

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर के व्यस्ततम एवं रहवासी क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मर से लगातार हो रही ऑयल चोरी की घटनाओं से एक ओर जहां आम नागरिक परेशान हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन की गश्त प्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर मुख्यालय स्थित पनबिहरी मार्ग पर पुराने जनपद पंचायत कार्यालय के सामने लगे ट्रांसफार्मर से मात्र १० दिनों के भीतर दूसरी बार अज्ञात चोरों ने बेखौफ होकर सारा ऑयल (तेल) चोरी कर फरार हो गये। जिससे उक्त क्षेत्र में बिजली गुल रहने से निवासरत लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी है। वहीं १० दिन पूर्व भी इसी स्थान पर अज्ञात चोरों द्वारा ट्रांसफार्मर से ऑयल चुराया था, जिसके बाद विद्युत विभाग ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल की थी। लेकिन बीते रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोरों ने दोबारा उसी ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। लालबर्रा बस स्टैंड से मात्र ५०० मीटर की दूरी पर स्थित मुख्य सडक़ किनारे घटी इस घटना से साफ जाहिर है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं है। वहीं एक ही स्थान से बार-बार ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी होने की घटना से निवासरत लोगों में रोष व्याप्त है और उनके मन में डर बन गया है कि अज्ञात चोर मकानों में घुसकर भी चोरी की वारदात को अंजाम दे सकते है। पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाकर अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।

रात भर अंधेरे में रहे रहवासी

पुराने जनपद पंचायत कार्यालय स्थित ट्रांसफार्मर से बीती रात्रि में ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी होने के बाद अचानक बिजली बंद होने से पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया और बरसात के मौसम में निवासरत लोगों को पूरी रात परेशान होना पड़ा। सुबह जब ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को सूचना दी, तो कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि ट्रांसफार्मर का पूरा ऑयल गायब था। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। जिसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगाया, तब जाकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल हुई और लोगों ने राहत की सांस ली।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, थाने में शिकायत दर्ज

एक ही स्थान पर बार-बार हो रही इस तरह की वारदात को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग ने लालबर्रा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है तथा अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन भी एक ही स्थान से बार-बार ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी होने की वारदात घटित होने के बाद हरकत में आ गया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास एवं स्थानीय निवासियों के घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का मानना है कि यदि फुटेज में चोरों का कोई सुराग मिलता है, तो क्षेत्र में सक्रिय इस ऑयल चोर गिरोह का बड़ा खुलासा हो सकता है।

दूरभाष पर चर्चा में कनिष्ठ यंत्री मिथलेश उइके ने बताया कि लालबर्रा जनपद पंचायत के पुराने कार्यालय के समीप लगे ट्रांसफार्मर से १० दिनों के अंदर दो बार अज्ञात चोरों ने ऑयल चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके है। इसके पूर्व में भी ग्रामीण क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मरों से ऑयल की चोरी हो चुकी है। श्री उइके ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है एवं घटना स्थल के आसपास स्थित मकानों में लगे सीसीटीव्ही कैमरे के फुटेज पुलिस खंगाल रही है। साथ ही थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी गई है और पुलिस प्रशासन से मांग है कि अज्ञात चोरों को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here