कम समय के लिए कहां लगाएं पैसा? FD, RD या Savings Account में कौन-सा ऑप्शन बेहतर

0

आप अपने पैसे को एफडी या आरडी में लगा कर कम समय में अच्छा ब्याज कमा सकते हैं और पैसे की जरूरत को देखते हुए इसे सेविंग्स अकाउंट में भी रख सकते हैं।

अगर आप आने वाले कुछ महीनों या एक-दो साल में किसी बड़े खर्च की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए सही निवेश विकल्प चुनना जरूरी है। घर की मरम्मत, बच्चों की फीस, छुट्टियों में घूमने या कोई जरूरी सामान खरीदने के लिए पैसे जमा करने हैं तो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), रिकरिंग डिपॉजिट (RD) और सेविंग अकाउंट जैसे विकल्प काम आ सकते हैं। इन तीनों में निवेश का तरीका, ब्याज और पैसे निकालने की सुविधा अलग-अलग होती है। इसलिए निवेश से पहले अपनी जरूरत समझना जरूरी है। आइए समझते हैं कम समय में कहां ज्यादा फायदा मिल सकता है-

फिक्स्ड डिपॉजिट (FD)

अगर आपके पास पहले से एकमुश्त रकम मौजूद है और आप उसे कुछ समय के लिए सुरक्षित रखना चाहते हैं तो FD अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें एक निश्चित अवधि के लिए पैसा जमा किया जाता है और बैंक तय ब्याज दर के हिसाब से रिटर्न देता है। FD में निवेश करते समय ब्याज दर, अवधि और समय से पहले पैसा निकालने की शर्तों को जरूर समझें। समय से पहले FD तोड़ने पर ब्याज कम हो सकता है या पेनल्टी लग सकती है। वहीं, कंपाउंडिंग का फायदा लेने के लिए क्यूम्युलेटिव FD का विकल्प चुना जा सकता है।

रिकरिंग डिपॉजिट (RD)

अगर आप हर महीने अपनी सैलरी या कमाई में से कुछ पैसे बचाना चाहते हैं तो RD आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन है। इसमें एकमुश्त रकम जमा करने के बजाय हर महीने तय राशि निवेश करनी होती है। उदाहरण के तौर पर आप हर महीने 5,000 रुपये जमा कर अगले साल के किसी खर्च के लिए फंड तैयार कर सकते हैं। RD में निवेश शुरू करने से पहले मासिक किस्त, निवेश की अवधि और देरी से किस्त जमा करने पर लगने वाले चार्ज की जानकारी जरूर लें। समय से पहले RD बंद करने पर मिलने वाला ब्याज भी प्रभावित हो सकता है।

सेविंग अकाउंट (Saving Account)

सेविंग अकाउंट उन लोगों के लिए बेहतर है जिन्हें कभी भी पैसों की जरूरत पड़ सकती है। इसमें FD और RD की तरह निश्चित अवधि के लिए पैसा लॉक नहीं करना पड़ता। आप जरूरत के अनुसार पैसे जमा और निकाल सकते हैं। हालांकि, अकाउंट में न्यूनतम बैलेंस रखने की शर्त और बैंक की फीस की जानकारी लेना जरूरी है। कुछ बैंक अलग-अलग बैलेंस स्लैब के हिसाब से ब्याज देते हैं।

कौन-सा निवेश विकल्प है बेहतर

कम समय के लिए निवेश का विकल्प चुनते समय आप अपनी जरूरत और पैसों की उपलब्धता को ध्यान में रखें। अगर आपको कभी भी पैसे निकालने की जरूरत पड़ सकती है, तो सेविंग अकाउंट बेहतर विकल्प है। वहीं, जिन लोगों के पास एकमुश्त रकम है और वे 6 महीने से लेकर कुछ साल तक उसे सुरक्षित रखकर बेहतर ब्याज कमाना चाहते हैं, उनके लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) अच्छा विकल्प हो सकता है। दूसरी ओर, जो लोग हर महीने छोटी-छोटी रकम बचाना चाहते हैं और नियमित निवेश की आदत बनाना चाहते हैं, उनके लिए रिकरिंग डिपॉजिट (RD) बेहतर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here