मां सुनीता चौहान ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर आरोपी
विधायक बोले- हत्यारों को गांव में जूते की माला पहनाकर घुमाएंगे,
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। बेटे को खोने का दर्द और आंखों में इंसाफ की उम्मीद।चार दिन बीत जाने के बाद भी जब जवान बेटे रियांश चौहान के हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिला तो अब माता-पिता का सब्र जवाब देने लगा है। एक तरफ परिवार अपने बेटे की हत्या के आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी से परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के चार दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मलय जैन द्वारा गठित एसआईटी जांच में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि मामले से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, शनिवार को क्षेत्रीय विधायक मधु भगत पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान विधायक ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कहा कि रियांश के हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों को गांव में जूते की माला पहनाकर घुमाया जाएगा। वहीं विधायक और मृतक की मां सुनीता चौहान की बातचीत में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का पहलू भी सामने आया है, जिससे मामले की जांच अब इस दिशा में भी महत्वपूर्ण हो गई है।
चार दिन बाद भी नहीं मिला न्याय, मां ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
शनिवार को विधायक मधु भगत जब मृतक रियांश चौहान के घर पहुंचे तो परिवार ने उनके सामने अपना दर्द बयां किया। मृतक की मां सुनीता चौहान ने कहा कि बेटे की हत्या हुए चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उसके कातिल पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं। आखिर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार क्यों नहीं कर पा रही है? उन्होंने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि परिवार को न्याय चाहिए और बेटे के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। मां ने यह भी कहा कि यदि धन के दबाव में पुलिस प्रशासन काम कर रहा है तो वह पुलिस को भी नहीं छोड़ेंगी। उनके इस बयान से साफ है कि बेटे की हत्या के बाद परिवार किस कदर आक्रोशित और व्यथित है। परिजनों की मांग है कि पुलिस बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच करे और हत्या में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करे, ताकि उन्हें अपने बेटे की मौत का इंसाफ मिल सके।
प्रेम प्रसंग को लेकर गांव में हुई थी बैठक, पहले भी हुआ था विवाद
मृतक की मां सुनीता चौहान ने बातचीत में स्वीकार किया कि रियांश का प्रेम प्रसंग था और इसी को लेकर गांव में बैठक भी हुई थी। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी बेटे का स्कूल में विवाद हुआ था तथा घटना के पहले भी उसके साथ विवाद होने की बात सामने आई थी। विधायक मधु भगत ने भी परिजनों से चर्चा के दौरान हत्या को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बताया। ऐसे में अब पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद, पूर्व में हुए घटनाक्रम और घटना के पहले की परिस्थितियां महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही हैं। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल परिवार की ओर से सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
एक्सीडेंट समझकर पहुंची थी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
गौरतलब है कि 16 नवंबर की देर रात रियांश चौहान की सड़क दुर्घटना में मौत होने की सूचना पुलिस को मिली थी। शुरुआती जानकारी में मामला एक्सीडेंट का प्रतीत हो रहा था, लेकिन मृतक के पिता ने बेटे की मौत को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जाहिर की थी। पिता की आशंका और परिस्थितियों को देखते हुए मामले की जांच की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रियांश के सिर और माथे पर गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद मामला दुर्घटना से आगे बढ़कर हत्या का निकला। इसके बाद हट्टा पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने एसआईटी गठित कर आरोपियों की तलाश और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।









































