जमशेद आलम T20 मैच में लगातार चार गेंद पर चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ यह कारनामा किया। वह टी20 डेब्यू में लगातार चार गेंद पर चार विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने। डेब्यू मैच में चार गेंद पर चार विकेट लेने के मामले में पाकिस्तान के गेंदबाज के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रेलवेज के 23 साल के दाएं हाथ के मीडियम पेसर जमशेद आलम ने अपने T20 डेब्यू में गदर काट दिया। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर नया इतिहास रच दिया। वह ऐसा कारनामा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज और दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने। जमशेद ने मात्र 9 गेंद पर पांच विकेट हॉल पूरा किया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, T20 क्रिकेट में इससे कम गेंद में सिर्फ दो बार पांच विकेट लिए गए हैं। इसके साथ ही वह मेंस के T20 क्रिकेट में डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले छठे भारतीय भी बने।
इंदौर में खेले गए इस मैच में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 182 रन बनाए थे। इसके जवाब में सौराष्ट्र की पारी के चौथे ओवर में आलम ने कहर बरपा दिया। डेब्यू मैच में पहली बार गेंदबाजी करते हुए हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचित अहीर और सम्मार गज्जर को लगातार चार गेंद पर आउट कर दिया। उन्होंने अपने अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा का विकेट लेकर पांच विकेट पूरे किए। इस समय सौराष्ट्र का स्कोर 6 विकेट पर 30 रन था।
चार गेंद पर चटकाए चार विकेट
आलम ने ओवर की तीसरी गेंद पर हार्विक देसाई को जुबैव अली के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद चौथी गेंद पर आलम ने मांकड़ को क्लीन बोल्ड कर दूसरी सफलता हासिल की। पांचवीं गेंद पर रुचित को कैच आउट कराकर अपनी हैट्रिक पूरी की। ओवर की आखिरी गेंद पर गज्जर को LBW आउट कर डबल हैट्रिक पूरी की। अगले ओवर में राणा को LBW आउट कर अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया।
बने तीसरे भारतीय गेंदबाज
जमशेद से पहले भारत के लिए चार गेंद पर चार विकेट लेने का कारनामा करने वाले दो गेंदबाजों में कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन और विदर्भ के दर्शन नाल्कंडे शामिल हैं। मिथुन ने नवंबर 2019 में हरियाणा के खिलाफ 20वें ओवर में लगातार चार विकेट लिए थे। वहीं, नाल्कंडे ने नवंबर 2021 में कर्नाटक के खिलाफ ऐसा किया था। दोनों ने पारी के आखिरी ओवर में यह उपलब्धि हासिल की थी।
सबसे कम गेंद पर पांच विकेट हॉल का रिकॉर्ड
भारत के बाहर मेंस के T20 क्रिकेट में जमशेद से कम गेंदों में पांच विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने। इंडोनेशिया के गेडे प्रियंदना ने 2025 में कंबोडिया के खिलाफ सिर्फ छह गेंद में पांच विकेट लिए थे। वहीं, फिनलैंड के महेश तांबे ने उसी साल एस्टोनिया के खिलाफ आठ गेंदों में पांच विकेट हासिल किए थे।
वर्ल्ड रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
वहीं, टी20 डेब्यू मैच में डबल हैट्रिक पूरी करने वाले दुनिया के मात्र दूसरे गेंदबाज बने। जमशेद के अलावा सिर्फ आकफ अफरीदी ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने T20 डेब्यू पर लगातार चार गेंदों में चार विकेट लिए हैं। उन्होंने दिसंबर 2024 में पाकिस्तान की घरेलू T20 प्रतियोगिता चैंपियंस T20 कप में यह कारनामा किया था।
29 रन से मुकाबला हारी सौराष्ट्र
जमशेद की घातक गेंदबाजी के आगे सौराष्ट्र की टीम 8 विकेट पर 153 रन ही बना सकी और 29 रन से मैच हार गई। जमशेद ने अपने आखिरी ओवर में 17 रन दिए। जमशेद ने 4 ओवर में 38 रन देकर पांच विकेट चटकाए। जमशेद उत्तर प्रदेश T20 लीग में मेरठ मैवरिक्स की ओर से खेल चुके हैं। वह रेलवे की तरफ से घरेलू अंडर-23 प्रतियोगिता CK नायडू ट्रॉफी में भी खेले हैं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने T20 मुंबई लीग में आकाश टाइगर्स MWS का प्रतिनिधित्व भी किया था।






































