मारपीट से हुई रमेश खरे की मौत आरोपी गिरफ्तार

0

पेट में लात मारने से फ ट गई थी रमेश की किडनी,रक्तस्राव से हुई थी मौत न्यायालय ने आरोपी को भेजा जेल

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। रामपायली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गर्रा में २० नवंबर को हुई मारपीट की घटना में ५५ वर्षीय रमेश खरे की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की मर्ग जांच परिजनों एवं गवाहों के कथन तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सामने आया है कि आरोपी ने रमेश खरे के पेट में लात मारकर गंभीर चोट पहुंचाई थी। इस हमले में मृतक की किडनी फ ट गई थी तथा शरीर के अन्य आंतरिक अंगों में रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी रेखलाल राघड़े ४४ वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय वारासिवनी में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

यह था मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गर्रा के वार्ड क्रमांक १८ निवासी रमेश पिता मोतीलाल खरे ५५ वर्ष २० नवंबर को मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर रामपायली पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ की थी। शुरुआती दौर में मृतक के परिजनों ने पड़ोसी रेखलाल राघड़े एवं उसके परिवार के सदस्यों पर घर पहुंचकर रमेश खरे और उनकी पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला मौत का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालाघाट मलय जैन के निर्देश पर हत्या के प्रकरण में त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इसके बाद रामपायली पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी रेखलाल राघड़े ने मृतक रमेश खरे के साथ मारपीट करते हुए उसके पेट में लात मारी थी। जिससे मृतक की किडनी फट गई और शरीर के अन्य आंतरिक अंगों में रक्तस्राव होने के चलते उसकी मौत हो गई।

मर्ग जांच में हुआ हत्या का खुलासा आरोपी गिरफ्तार

मर्ग जांच में हत्या का अपराध घटित होना पाए जाने पर रामपायली थाने में अपराध क्रमांक ३९६/२०२६ भारतीय न्याय संहिता की धारा १०३,१ के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम गर्रा निवासी आरोपी रेखलाल राघड़े ४४ वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय वारासिवनी के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here