सोने और चांदी में बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों के मन में एक ही सवाल है कि क्या यह गिरावट जारी रहेगी या तेजी लौटेगी? आइए एक्सपर्ट्स की राय जानते हैं।
सोने और चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं दूसरी ओर सोना और चांदी सस्ता होने से ज्वैलरी खरीदने वाले लाखों लोगों के चेहरे पर खुशी हैं। इस बीच सभी के मन में एक ही सवाल है कि क्या अभी दोनों कीमती धातु की कीमत और गिरेंगी या खरीदने का सही समय है। बाजार के जानकारों की मानें तो हालिया गिरावट के बाद सोना और चांदी ओवरसोल्ड जोन में पहुंच गए हैं। ऐसे में यहां से गिरावट की संभावना कम और रिकवरी की संभावना ज्यादा है। हालांकि, आगे की तेजी कई घरेलू और वैश्विक घटानाक्रमों पर निर्भर करेगी।
क्या सोना-चांदी खरीदने का सही मौका?
केडिया एडवाइजरी के फाउंडर और कमोडिटी एक्सपर्ट, अजय केडिया ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि पिछले साल सोने और चांदी में एकतरफा तेजी आई थी। लेकिन बाजार में इस तरह की तेजी के बाद करेक्शन आना भी स्वाभाविक है। सोने और चांदी में हालिया गिरावट उसी का नतीजा है।
केडिया के मुताबिक, पिछले साल सोना ओवरबॉट स्थिति में था, जबकि मौजूदा समय में यह ओवरसोल्ड जोन में पहुंच चुका है। इतिहास बताता है कि सोने में 30-35 फीसदी तक का करेक्शन आने के बाद नई तेजी का दौर शुरू हुआ है। ऐसे में मौजूदा स्तरों पर खरीदारी का मौका है।
हालांकि, अगले कुछ दिन रहेंगे अहम
केडिया के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमत को लेकर अगले कुछ दिन अहम रहेंगे। इनमें अमेरिकी जॉब डेटा, फेडरल रिजर्व की अगली बैठक और अगली एक्सपायरी प्रमुख हैं। अगर फेड ब्याज दरों में इजाफा करता है तो सोने और चांदी की कीमतों को इसका असर होगा। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतें भी महत्वपूर्ण होंगी।
फंड मैनेजर का बढ़ सकता है रुझान
अजय केडिया के मुताबिक, मौजूदा बाजार में फंड मैनेजरों के सामने निवेश के सीमित आकर्षक विकल्प हैं। एक तरफ क्रिप्टोकरेंसी में गिरावट है तो दूसरी ओर बॉन्ड जैसे एसेट क्लास हैं। वहीं दूसरी तरफ सोना और चांदी में हालिया गिरावट के बाद वैल्यूएशन आकर्षक है।
सोना और चांदी ओवरसोल्ड स्थिति में होने के कारण बड़े फंड मैनेजर इन कीमती धातुओं में निवेश बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं। इसके अलावा गोल्ड और सिल्वर ETF में निवेश का रुझान भी आगे कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
सोना 5,000 डॉलर तक जाने की उम्मीद
अजय केडिया के मुताबिक, अगले एक साल में सोने की कीमत 5,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। भारतीय बाजार में यह स्तर रुपये की विनिमय दर के हिसाब से करीब 1.85 लाख से 1.90 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बैठता है।
वहीं, सोने और चांदी के बीच गोल्ड-सिल्वर रेशियो भी महत्वपूर्ण संकेत दे रहा है। फिलहाल यह अनुपात करीब 85 के आसपास है। इस अनुपात में गिरावट आने का मतलब होगा कि सोने के मुकाबले चांदी की कीमत बेहतर प्रदर्शन कर रही है। विशेषज्ञों की नजर चांदी के 70 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर भी रहेगी। चांदी की कीमत एक बार फिर 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचने की उम्मीद है।
अनुज गुप्ता को भी सोना-चांदी में रिकवरी की उम्मीद
बाजार विशेषज्ञ अनुज गुप्ता भी मानते हैं कि सोने और चांदी में मौजूदा स्तरों से गिरावट थमने और रिकवरी आने की संभावना है। उनके मुताबिक, वैश्विक बाजार में कुछ ऐसे घटनाक्रम सामने आए हैं, जो इन दोनों कीमती धातुओं के लिए सकारात्मक साबित हो सकते हैं।
Nvidia के CEO Jensen Huang की वापसी से AI शेयरों में फिर तेजी की उम्मीद बढ़ी है। इससे टेक्नोलॉजी सेक्टर और वैश्विक बाजारों में निवेशकों का भरोसा बेहतर हो सकता है। इसका असर अप्रत्यक्ष रूप से सोने और चांदी की मांग पर भी पड़ सकता है।
इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ब्याज दरों को लेकर नरम रुख भी सोने और चांदी के लिए सकारात्मक माना जा रहा है। कम ब्याज दरों के माहौल में निवेशक ऐसे एसेट क्लास की तरफ आकर्षित होते हैं, जिनसे लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न की उम्मीद होती है। सोना और चांदी इसी श्रेणी में आते हैं।
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
कुल मिलाकर, सोने और चांदी में आई भारी गिरावट के बाद बाजार विशेषज्ञों को रिकवरी की संभावना दिख रही है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कीमतें बिना किसी उतार-चढ़ाव के लगातार बढ़ेंगी। निवेशकों को एकमुश्त बड़ी खरीदारी करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से निवेश करने और वैश्विक आर्थिक संकेतकों पर नजर रखने की रणनीति अपनानी चाहिए। खासकर छोटी अवधि में निवेश करने वालों को अमेरिकी फेड के फैसले और डॉलर की चाल को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।










































