पति ने मटन लाकर नहीं दिया तो आगबबूला हो गई पत्नी, पत्थर लेकर सिर और चेहरे पर कर दिया वार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

0

Betul News: बैतूल में मटन नहीं लाने पर पत्नी ने अपने पति पर जानलेवा हमला कर दिया है। बीच-बचाव कर बहू ने जान बचाई है। बहू की शिकायत पर पुलिस ने अरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायल पति शनिलाल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बैतूल: एमपी के बैतूल में मटन नहीं आने पर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा है। पत्नी ने पहले 10 हजार रुपए की मांग और फिर मटन को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़े ने भयानक रूप ले लिया और पत्नी ने पत्थर उठाकर पति के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

पति दरवाजे पर ही गिर पड़ा

खून से लथपथ पति दरवाजे पर ही गिर पड़ा। बहू ने बीच-बचाव किया तो आरोपी पत्नी वहां से फरार हो गई। ये सनसनीखेज वारदात रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे ग्राम जामुनबिछुआ में हुई। गांव में रहने वाले शनिलाल उईके की पत्नी भागाबाई उईके (55) ने पति से 10 हजार रुपये मांगे और बाजार से मटन लाने के लिए कहा।

मटन लाने से कर दिया मना

शनिलाल ने मटन लाने से मना किया और रुपए भी नहीं दिए। बस इसी बात पर दोनों के बीच जमकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान भागाबाई का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने गाली-गलौच करते हुए पास में पड़ा पत्थर उठाया और पति शनिलाल के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

शनिलाल का सिर फट गया

एक के बाद एक पत्थर के वार से शनिलाल का सिर फट गया और चेहरा खून से लथपथ हो गया। वह चीख भी नहीं पाया और घर के दरवाजे के पास ही बेहोश होकर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर बहू सुमत्री पति रतन उईके दौड़कर आई और बीच-बचाव किया।

भाग निकली भागाबाई

बहू को आता देख आरोपी भागाबाई मौके से भाग निकली। घायल शनिलाल पूरी रात बेहोशी की हालत में ही पड़ा रहा। सोमवार सुबह ग्राम कोटवार जितेंद्र नागले ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले बोरदेही अस्पताल और फिर गंभीर हालत में जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया जहां उसकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

आरोपी पत्नी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

इधर बहू सुमत्री की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। एसपी अमित सक्सेना के निर्देश पर थाना प्रभारी भैयालाल उईके ने टीम बनाई और फरार पत्नी की तलाश में जाल बिछाया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी पत्नी को दबोच लिया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here