ग्वालियर व्यापार मेले में वाहन खरीदी पर मिलने वाली 50 प्रतिशत रोड टैक्स (आरटीओ) छूट को लेकर फिर हलचल तेज हो गई है। कारोबारियों और चैंबर ऑफ कॉमर्स की मांग के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मेला अवधि में छूट देने का आग्रह किया है।
ग्वालियर: व्यापार मेले में हर साल वाहन खरीदी पर मिलने वाली रजिस्ट्रेशन व रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट को लेकर इस बार भी मांग और सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य सरकार की ओर से गजट नोटिफिकेशन जारी होने से पहले ही जनप्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों के पत्रों का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इस वर्ष भी मेले में वाहन खरीदी पर 50 प्रतिशत छूट प्रदान करने का आग्रह किया है।हर साल मध्य प्रदेश शासन की ओर से गजट नोटिफिकेशन जारी कर यह छूट दी जाती है, जिससे प्रदेशभर के खरीदार ग्वालियर मेले में वाहन खरीदने पहुंचते हैं। हालांकि, अधिसूचना जारी होने से पहले हर बार पत्र लिखने और बाद में श्रेय लेने की राजनीति भी देखने को मिलती है।
कारोबारियों और चैंबर की पहल के बाद सिंधिया ने लिखा पत्र
हाल ही में ऑटोमोबाइल सेक्टर के कारोबारियों ने मेला प्राधिकरण अध्यक्ष के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को मेला छूट जल्द लागू करने के संबंध में पत्र सौंपा था। इसके बाद ग्वालियर चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष के नाम पत्र लिखा गया। चैंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात भी की थी, जिसके बाद सिंधिया ने मुख्यमंत्री को यह पत्र भेजा।
पत्र में 1905 के इतिहास और राजस्व का हवाला
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि ग्वालियर व्यापार मेला उत्तर भारत का एक प्रमुख और एशिया का सबसे बड़ा व्यापार मेला है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1905 में ग्वालियर के तत्कालीन महाराज माधौराव सिंधिया ने की थी।
ग्वालियर व्यापार मेला में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ऑटोमोबाइल्स पर गैर-परिवहन वाहन और छोटे परिवहन वाहन पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट मेले अवधि के दौरान विक्रित वाहनों के लिए मध्यप्रदेश राज्य सरकार द्वारा दी जाए। इससे मेले के आकर्षण में वृद्धि होगी और राज्य शासन को भी कम समय में एक ही स्थान से अधिक राजस्व प्राप्त हो सकेगा।
ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री को लिखे पत्र के अनुसार
मेला छूट की चर्चा के बीच शहर के अटके प्रोजेक्ट्स पर भी सवाल
एक तरफ जहां मेले में टैक्स छूट की औपचारिकता को लेकर पत्र लिखे जा रहे हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि शहर के कई बुनियादी प्रोजेक्ट्स लंबे समय से अटके हुए हैं, जिन पर गंभीर ध्यान देने की जरूरत है:
- आईएसबीटी: बस टर्मिनल बनकर तैयार है, लेकिन बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है और बसें अब भी पुराने ठिकानों से चल रही हैं।
- एलिवेटेड रोड: इस अहम प्रोजेक्ट के दोनों चरणों में अतिक्रमण नहीं हट पाने से काम पिछड़ रहा है।
- रेलवे स्टेशन प्रोजेक्ट: काम पूरा करने की अंतिम समय-सीमा सितंबर माह निकल चुकी है, फिर भी प्रोजेक्ट अधूरा है।
- मल्टीलेवल कार पार्किंग: यह प्रोजेक्ट लगातार देरी का शिकार है और इसमें पानी की समस्या के समाधान में भी वक्त लगा।
- सड़कें और द्वारका नगर योजना: द्वारका नगर योजना की सड़कें कागजों पर स्वीकृत होने के बावजूद बजट के इंतजार में हैं, वहीं शहर की खराब सड़कों के लिए भोपाल में बैठक के बाद भी बड़ा फंड जारी नहीं हो सका है।










































