चाचा-भतीजी के पवित्र रिश्ते को किया कलंकित, पीडित बालिका को मिलेगी ४ लाख रुपये की प्रतिकर
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी न्यायालय में चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में विशेष न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए दोहरा आजीवन कारावास एवं कुल ४ हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। आरोपी ने रिश्तों की मर्यादा को तार तार करते हुए चाचा-भतीजी के पवित्र रिश्ते को कलंकित किया था। इसमें विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट श्रीमती कविता इवनाती की अदालत ने २६ नवंबर को यह फैसला सुनाया।
यह था मामला
अभियोजन ऋ तुराज कुमरे ने बताया की यह मामला थाना लालबर्रा अंतर्गत ७ अक्टूबर २०२३ का हैं पीडि़त बालिका अपनी मां के साथ पड़ोस में रहने वाले परिजन के घर गई थी। इसी दौरान आरोपी भी वहां मौजूद था कुछ समय बाद आरोपी घर के अंदर कमरे में चला गया और उसके पीछे.पीछे पीडि़त बालिका भी कमरे में चली गई। इस दौरान आरोपी ने मासूम बच्ची के साथ गंभीर अपराध किया घटना के बाद जब बच्ची की मां ने उससे पूछताछ की तो बच्ची ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने थाना लालबर्रा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की और आवश्यक साक्ष्य संकलित कर प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रकरण में आरोपी लक्ष्मीप्रसाद उर्फ सोनू पिता स्वर्गीय बाबूलाल सपाटे उम्र २४ वर्ष निवासी ग्राम बोट्टाहजारी थाना लालबर्रा जिला बालाघाट के विरुद्ध अपराध क्रमांक ३७७/२०२३ दर्ज किया गया था। आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड कानून के तहत नहीं बल्कि लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम २०१२ पॉक्सो एक्ट की धारा ५ सहपठित धारा ६ के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में विचारण के लिए प्रस्तुत किया गया था।
न्यायालय ने सुनाई दोहरा आजीवन कारावास की सजा
प्रकरण की सुनवाई के दौरान विशेष न्यायालय ने प्रस्तुत साक्ष्यों एवं अभियोजन पक्ष के तर्कों का परीक्षण किया। विचारण उपरांत न्यायालय ने आरोपी को दोषी पाते हुए पॉक्सो एक्ट की धारा ५ सहपठित धारा ६ के अंतर्गत दोहरे आजीवन कारावास एवं कुल ४ हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित करने का आदेश पारित किया। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने की स्थिति में आरोपी को अतिरिक्त ३ माह का कठोर कारावास भुगतना होगा।
पीडि़त बालिका को मिलेगी ४ लाख रुपये की प्रतिकर राशि
न्यायालय ने पीडि़त बालिका एवं उसके माता पिता को मानसिक और शारीरिक आघात पहुंचने के दृष्टिगत ४ लाख रुपये की प्रतिकर राशि प्रदान किए जाने का भी आदेश दिया है। यह राशि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालाघाट के माध्यम से पीडि़त परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में निर्णय की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालाघाट को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है। उक्त प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक वारासिवनी ऋ तुराज कुमरे द्वारा पैरवी की गई। वहीं अभियोजन को कपिल कुमार उइके के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।









































