मुंबई को हराकर जीत का सिलसिला बनाये रखने उतरेगी राजस्थान

0

राजस्थान रॉयल्स की टीम शनिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मुकाबले में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने उतरेगी। रॉयल्स की टीम ने पिछले तीन मैच लगातार जीते हैं और उसका मनोबल बढ़ा हुआ है। रॉयल्स की टीम अंकतालिका में गुजरात टाइटंस के बाद दूसरे स्थान पर है और अब तक उसने आठ में से छह मैच जीते हैं। वहीं दूसरी और मुंबई की टीम सभी आठ मैच हारने के साथ ही प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो गयी है। रॉयल्स इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार है क्योंकि उसके बल्लेबाज और गेंदबाज अच्छे फार्म में हैं। टीम के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं। बटलर ने अब तक तीन शतक लगाये हैं और इस बल्लेबाज पर अंकुश लगाना मुंबई के गेंदबाजों के लिये आसान नहीं रहेगा। वहीं पडिक्कल टीम को अच्छी शुरूआत देने के इरादे से उतरेंगे।
कप्तान संजू सैमसन और शिमरोन हेटमायेर भी मैच विजेता खिलाड़ी हैं। पिछले मैच में नाबाद 56 रन बनाने वाले युवा रियान पराग और डेरिल मिशेल के रहते रॉयल्स का मध्यक्रम भी अच्छा है। गेंदबाजी में भी रॉयल्स पीछे नहीं है। उसके तेज गेंदबाज और स्पिनर अच्छा फॉर्म में हैं। अनुभवी आर अश्विन के अलावा उसके पास युजवेंद्र चहल जैसा स्पिनर है। चहल ने अब तक सबसे ज्यादा 18 विकेट लिए हैं। इसके अलावा तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट और प्रसिद्ध कृष्णा भी विरोधी टीम पर अंकुश लगाने में सक्षम हैं।
वहीं दूसरी ओर मुंबई की टीम अपने सबसे खराब दौर से गुजर रही है। कप्तान रोहित शर्मा सहित अधिकतर खिलाड़ी उम्मीद के अनुसार नहीं खेल पा रहे। युवा ईशान किशन भी अब तक टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाये हैं। केवल सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है पर टीम एक ईकाई के तौर पर नहीं खेल पायी है। ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड भी अबतक विफल रहे हैं। गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह के अलावा कोई भी गेंदबाज प्रभावी नहीं रहा है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं :
मुंबई इंडियन्स: रोहित शर्मा (कप्तान), अनमोलप्रीत सिंह, राहुल बुद्धि, रमनदीप सिंह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, टिम डेविड, अर्जुन तेंदुलकर, बासिल थम्पी, ऋतिक शौकीन, जसप्रीत बुमराह, जयदेव उनादकट, मयंक मार्कंडे, मुरुगन अश्विन, रिले मेरेडिथ, टाइमल मिल्स, अरशद खान, डेनियल सैम्स, डेवाल्ड ब्रेविस, फैबियन एलन, कीरोन पोलार्ड, संजय यादव, आर्यन जुयाल और इशान किशन.
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, शुभम गढ़वाल, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, कुलदीप सेन, तेजस बरोका, अनुनय सिंह, केसी करियप्पा, संजू सैमसन, जोस बटलर, रेसी वान डेर डुसेन, नाथन कूल्टर नाइल, जिमी नीशाम, डेरिल मिशेल, करुण नायर, ओबेद मैकॉय, नवदीप सैनी, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, शिमरोन हेटमायर, देवदत्त पडिक्कल, प्रसिद्ध कृष्णा और युजवेंद्र चहल।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here