कोरोना संक्रमण के कारण शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हुए , उमेश की वापसी

0

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी कोरोना संक्रमण के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज से बाहर हो गये हैं। शमी के बाहर होने से अब अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है। उमेश रविवार सुबह ही चंडीगढ़ पहुंचकर भारतीय टीम से जुड़े। उनकी लंबे समय के बाद टीम में वापसी हुई है। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी सीमित ओवरों की सीरीज खेलेगी। इसमें शमी के खेलने पर फैसला उनकी फिटनेस के आधार पर ही होगा। अगर वह पूरी तरह से संक्रमण से उबर जाएंगे तभी उन्हें शामिल किया जाएगा। उमेश को जिस प्रकार अचानकी बुलाया गया है उससे यह तय है कि उन्हें मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मुकाबले में खेलने का अवसर मिलेगा। अगर वह पहले टी20 के लिए शामिल किये जाते हैं तो वह तीन साल के बाद किसी टी20 मुकाबले में खेलते हुए दिखेंगे। उमेश ने इससे पहले अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी 2019 में विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। आखिरी बार वह एकदिवसीय मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2018 में उतरे थे।
उमेश का प्रदर्शन आईपीएल के 2022 सत्र में अच्छा रहा था। इसके बाद टीम में जगह नहीं मिलने के कारण वह काउंटी क्रिकेट खेलने इंग्लैंड चले गये थे। उमेश अभी फॉर्म में हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन उन्हें ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले आजमाना चाहता है क्योंकि अगर स्टैंडबाय के तौर पर रखे गये शमी या कोई और गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में चोटिल होता है तो उमेश को उसके विकल्प के तौर पर रखा जा सके। शमी के बाहर होने से अब टी-20 विश्व कप में भारत के लिए चार तेज गेंदबाज तय हो गये हैं। ऐसे में जसप्रीत बुमराह, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। टी-20 विश्व कप 16 अक्टूबर से शुरू होगा और इसका फाइनल 13 नवंबर को खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल (उप कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत, (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, हर्षल पटेल, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here