वैश्विक संकेतक, वृहद-आर्थिक आंकड़े तय करेंगे बाजार की दिशाः ‎विश्लेषक

0

इस सप्ताह शेयर बाजार वैश्विक रुझान, वृहद-आर्थिक आंकड़ों की घोषणा और विदेशी पूंजी के प्रवाह जैसे घटकों से प्रभावित रह सकते हैं। विश्लेषकों ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत में आने वाले उतार-चढ़ाव और कच्चे तेल की कीमत पर भी बाजार की नजरें बनी रहेंगी। इस सप्ताह में दशहरे का त्योहार होने से कारोबारी दिवस भी कम रहेगा। तेजी का रुख रखने वाले कारोबारियों को बीते शुक्रवार की तेजी आगे भी जारी रखने के लिए वैश्विक बाजारों से कुछ समर्थन की जरूरत होगी। भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिकी अर्थव्यवस्था के कुछ वृहद-आर्थिक आंकड़ों की घोषणा, डॉलर सूचकांक की दिशा और बॉन्ड प्रतिफल जैसे बिंदुओं पर निगाह रहेगी। बाजार के जानकारों ने कहा ‎कि बाजार की दिशा तय करने में संस्थागत निवेशकों का रुख अहम भूमिका निभाएगा।
दशहरा के अवसर पर बुधवार को बाजार बंद रहने से इस सप्ताह में कारोबारी दिवस भी कम रहेंगे। बाजार की नजर कुछ महत्वपूर्ण वृहद-आर्थिक आंकड़ों पर भी रहेगी। विनिर्माण क्षेत्र के लिए खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) का आंकड़ा भी सोमवार को जारी होने की संभावना है। वहीं सेवा क्षेत्र से जुड़े आंकड़े गुरुवार को जारी किए जाएंगे। इस सप्ताह से एक नए महीने की शुरुआत हो रही है जिसमें वाहन बिक्री, विनिर्माण पीएमआई और सेवा पीएमआई जैसे अहम आंकड़ों पर ध्यान रहेगा। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों के रुख और मुद्रा एवं कच्चे तेल की चाल पर भी कारोबारियों की नजरें रहेंगी। आगे भी वैश्विक कारक घरेलू बाजार धारणा को प्रभावित करते रहेंगे और किसी भी तरह की नकारात्मक खबर से बाजार में फिर से गिरावट का रुख आने की आशंका रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here