मध्यप्रदेश में दिसंबर भले ही 10 साल में सबसे गर्म रहा, लेकिन नया साल कड़ाके की ठंड लेकर आया। भोपाल में रविवार रात का पारा सबसे ज्यादा 3.5 डिग्री लुढ़ककर 7.2 रिकॉर्ड हुआ। सुबह कोहरा सबसे ज्यादा रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई थी। 10 बजे के बाद धूप तो निकली लेकिन ठंडी हवाओं की वजह से गर्माहट कम है।
प्रदेश में पचमढ़ी की रात सबसे सर्द रही। यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर में रात का तापमान 8.2, इंदौर में 9.4 डिग्री रहा। इंदौर में 2 डिग्री टेंपरेचर लुढ़का है। खंडवा, खरगोन नर्मदापुरम, खजुराहो, सतना, रीवा, सीधी और सिवनी में तापमान 10 से ऊपर रहा। बाकी जिलों में 10 से नीचे ही रिकॉर्ड हुआ।
प्रदेश भर में सबसे ज्यादा कोहरा भोपाल, के अलावा रायसेन, गुना, उमरिया, दमोह, खजुराहो, जबलपुर और सागर में रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर से लेकर 500 मीटर से कम रही।
5 और 6 जनवरी को मावठा गिरने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 5-6 जनवरी को मावठा भी गिर सकता है। इसकी एंट्री जबलपुर से होगी। यह भोपाल के पास तक एक्टिव रह सकता है। ग्वालियर-चंबल में रात का पारा 5 डिग्री के नीचे, तो इंदौर और भोपाल में यह 9 डिग्री तक आ सकता है। मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि ईस्ट एमपी में पानी गिर सकता है। अगर स्ट्रॉन्ग सिस्टम बनता है, तो तापमान में तेजी से गिरावट होगी। सिस्टम अगर ज्यादा स्ट्रॉन्ग होता है तो ओले भी गिर सकते हैं।
प्रदेश के ये जिले भीगेंगे, यहां घना कोहरा
जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल और आसपास के जिलों में दो दिन बारिश हो सकती है। अधिकांश इलाकों में तापमान 10 डिग्री के नीचे आ सकता है। ग्वालियर, चंबल, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल में पारा 7 से नीचे जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में तापमान 9 डिग्री से नीचे आ सकता है। भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर और दतिया में घना कोहरा रहेगा। सागर, सतना, रीवा, रायसेन और भोपाल में मध्यम कोहरा रहेगा।