विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के पहले सीजन की शुरुआत शनिवार को मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच मैच के साथ हुई। मुंबई ने गुजरात को 143 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 207 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 64 रन ही बना सकी।
मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रात 8:00 बजे शुरू हुए मैच की पहली बॉल गुजरात की एश्ले गार्डनर ने फेंकी। आगे स्टोरी में हम जानेंगे कि टूर्नामेंट की पहली डॉट बॉल, चौका, छक्का, विकेट और मेडन ओवर किसने फेंका। विमेंस प्रीमियर लीग में पहले दिन के टॉप मोमेंट्स भी इस खबर में जानेंगे…
WPL में जो कुछ पहली बार हुआ…
- पहली गेंद- गुजरात जायंट्स की एश्ले गार्डनर ने फेंकी। इस पर कोई रन नहीं बना।
- पहली डॉट बॉल- मुंबई इंडियंस की यस्तिका भाटिया ने पहली डॉट बॉल खेली।
- पहला रन- मुंबई इंडियंस की यस्तिका भाटिया ने पहले ओवर की पांचवीं बॉल पर लीग का पहला रन लिया।
- पहला ओवर- गुजरात की एश्ले गार्डनर ने लीग का पहला ओवर फेंका। इस ओवर में महज 2 रन दिए।
- पहला चौका- मुंबई इंडियंस की हेली मैथ्यूज ने पहली पारी के दूसरे ओवर में दूसरी बॉल पर तेज गेंदबाज मानसी जोशी की बॉल पर थर्ड मैन की दिशा में पहला चौका जड़ा।
- पहला छक्का- मुंबई इंडियंस की हेली मैथ्यूज ने दूसरे ओवर की पहली बॉल पर तेज गेंदबाज मानसी जोशी की बॉल पर स्केवयर लेग की दिशा में पहला छक्का जड़ा।
- पहला विकेट- गुजरात जायंट्स की लेफ्ट आर्म स्पिनर तनुजा कंवर ने तीसरे ओवर की तीसरी बॉल पर यस्तिका भाटिया का विकेट लिया। ऑफ स्टंप के बाहर फुलर लेंथ बॉल को भाटिया ऑफ साइड पर खेलने गईं, लेकिन जॉर्जिया वेयरहेम को कैच दे बैठीं।
- पहला कैच- गुजरात जायंट्स की जॉर्जिया वेयरहम ने पॉइंट पर टूर्नामेंट का पहला कैच पकड़ा। यह कैच यस्तिका भाटिया का था। वह 8 बॉल पर एक रन बनाकर आउट हुईं।
- पहला बोल्ड- मुंबई इंडियंस की हेली मैथ्यूज पहली पारी के 9वें ओवर में आउट हुईं। उन्हें गुजरात की एश्ले गार्डनर ने 47 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया।