दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी सोमवार (20 जुलाई) को कॉकरोच जनता पार्टी (cjp) के ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल हुईं। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को सपोर्ट किया। इससे एक दिन पहले भी वह दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंची थीं, जहां छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। शबाना आज़मी ने कहा कि इस प्रदर्शन में उनके शामिल होने से पहले उनके पति जावेद अख्तर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू करने की अपील की थी।
इस मार्च की अगुवाई CJP नेता अभिजीत दिपके और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने की। वहीं, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चल रहे सोनम वांगचुक को शनिवार को दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।










































