Gold Rally Explained: सोने-चांदी में क्यों लौटी तूफानी तेजी, दिवाली तक कहां जाएगा भाव?

0

सर्राफा सेक्टर के जानकारों का कहना है कि हालिया करेक्शन के बाद दोनों कीमती धातुओं में दोबारा खरीदारी बढ़ी है। इससे अगस्त महीने में सोने और चांदी में बड़ा उछाल आया है। यह तेजी आगे भी जारी रहेगी।अगस्त महीने में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। सोने में महीने की शुरुआत से अब तक (MTD) 14% की तेजी दर्ज की गई है। वहीं, अगस्त में चांदी की कीमतों में लगभग 20% की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, सोना और चांदी अभी भी अमेरिका-ईरान युद्ध से पहले के स्तर से नीचे है। यानी दोनों कीमती धातु अपने रिकॉर्ड भाव से नीचे ट्रेड कर रहे हैं। यानी अभी भी तेजी की पूरी गुंजाइश बची हुई है। केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर और जाने-माने कमोडिटी मार्केट एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोने और चांदी में मौजूदा तेजी के पीछे कई फैक्टर एक साथ काम कर रहे हैं। उनका मानना है कि हालिया करेक्शन के बाद बाजार में फिर से खरीदारी लौटी है और आगे भी दोनों कीमती धातुओं में तेजी की गुंजाइश बनी हुई है। आइए समझते हैं कि क्यों सोने और चांदी में तेजी लौटी और दिवाली तक भाव कहां तक जा सकते हैं?

अगस्त में सोना-चांदी की बल्ले-बल्ले

अगर अगस्त महीने में सोने और चांदी की कीमत पर नजर डालें तो चांदी 27000 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई है। 1 अगस्त को MCX पर चांदी की कीमत 216388 रुपये प्रति किलोग्राम थी जो 26 अगस्त को बढ़कर 243877 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। अगर सोने की बात करें तो 1अगस्त को सोने को सोने का भाव 143639 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वह 26 अगस्त को बढ़कर 162373 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। इस तरह सोने में प्रति 10 ग्राम 18000 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।

सोने और चांदी में क्यों लौटी तेजी?

1. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: केडिया के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर महंगाई पर पड़ सकता है। अगर ऊर्जा कीमतों में नरमी बनी रहती है तो आने वाले समय में महंगाई का दबाव कम हो सकता है। महंगाई कम होने की उम्मीद में दोनों कीमती धातु में तेजी लौटी है।2. फेड का ब्याज बढ़ाने का दबाब घटा: महंगाई में नरमी से अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव भी कम हो सकता है। यही वजह है कि बाजार में फिलहाल अमेरिका की ओर से किसी नई रेट हाइक की आशंका कमजोर हुई है।

कम ब्याज दरों या नरम मौद्रिक नीति की उम्मीद सोने के लिए सकारात्मक मानी जाती है, क्योंकि इससे डॉलर और बॉन्ड यील्ड पर दबाव आ सकता है। हालिया बाजार संकेत भी यही दिखाते हैं कि निवेशक अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और फेड की अगली नीति दिशा पर नजर बनाए हुए हैं।

3. डॉलर इंडेक्स में गिरावट: सोने की तेजी का एक बड़ा कारण अमेरिकी डॉलर में कमजोरी भी है। केडिया के मुताबिक डॉलर इंडेक्स करीब 98.70 तक फिसला है। डॉलर कमजोर होने पर आमतौर पर डॉलर में कीमत तय होने वाला सोना दूसरे देशों के खरीदारों के लिए अपेक्षाकृत सस्ता हो जाता है, जिससे मांग को सपोर्ट मिलता है। हालिया रैली में भी कमजोर डॉलर को सोने के लिए अहम सपोर्टिंग फैक्टर है।

4. चीन के सेंट्रल बैंक की खरीदारी जारी: केडिया के मुताबिक केंद्रीय बैंकों की खरीदारी सोने की कीमतों के लिए एक बड़ा सपोर्ट बनी हुई है। चीन की तरफ से भी गोल्ड रिजर्व बढ़ाने की दिशा में खरीदारी जारी रहने से बाजार में मांग का आधार मजबूत हुआ है।

केंद्रीय बैंकों की खरीदारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह सिर्फ शॉर्ट टर्म ट्रेडिंग पर आधारित मांग नहीं होती, बल्कि रिजर्व डायवर्सिफिकेशन और डॉलर पर निर्भरता कम करने जैसी लंबी अवधि की रणनीति का हिस्सा होती है।

5. ETF में भी लौटी खरीदारी: सोने की कीमतों में तेजी के साथ ETF में भी खरीदारी लौटना एक महत्वपूर्ण संकेत है। ETF खरीदारी आने से निवेशकों की भागीदारी बढ़ी है। यानी इस बार सिर्फ फिजिकल गोल्ड की मांग ही कीमतों को सपोर्ट नहीं कर रही, बल्कि वित्तीय बाजार के निवेशक भी सोने की ओर लौट रहे हैं।

6. भारत और चीन में त्योहारी मांग: भारत और चीन में अब त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। इससे भारत और चीन में सोने और चांदी की मांग बढ़ेगी। भारत में त्योहारी और शादी का सीजन शुरू होने के साथ फिजिकल गोल्ड की मांग बढ़ती है। दिवाली के आसपास सोने की सबसे अधिक खरीदारी होती है। चीन में भी त्योहारों के दौरान गोल्ड की मांग बढ़ती है। ये सोने और चांदी की मांग बढ़ा रहे हैं, जिससे कीमत बढ़ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here