ग्रांड थेफ्ट ऑटो (GTA) 6 को भारत सहित दुनियाभर में लॉन्च कर दिया गया है। तमाम गेमर्स के बीच इसे लेकर ऐसी दीवानगी है कि कंपनी को प्री सेल्स से ही करीब 9500 करोड़ की कमाई का अनुमान है।
GTA 6 Launch India: Grand Theft Auto (GTA) 6 आखिरकार भारत समेत दुनियाभर में लॉन्च हो गया है। 13 साल के लंबे इंतजार के बाद Rockstar Games का यह बहुप्रतीक्षित वीडियो गेम एक बार फिर गेमर्स को Vice City की दुनिया में ले आया है। लॉन्च से पहले ही करीब $1 अरब (₹9500 करोड़) के प्री-ऑर्डर ने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया है। गेम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई कंपनियों ने कर्मचारियों को गेम खेलने के लिए छुट्टी तक दी है।
दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम फ्रेंचाइजी में शामिल Grand Theft Auto (GTA) का 6th एडिशन गुरुवार, 19 नवंबर को भारत में लॉन्च हो गया। गेमर्स को इसका इंतजार 2013 से था, जब GTA 5 रिलीज हुआ था। करीब 13 साल बाद आए इस नए एडिशन ने गेमिंग की दुनिया में हलचल मचा दी है। GTA 6 को PlayStation 5 और Xbox Series X|S पर खेला जा सकता है।
रिलीज से पहले ही छापे $1 अरब
GTA 6 को लेकर यूथ और गेमर्स के बीच किस तरह का जुनून है, उसका अंदाजा प्री-ऑर्डर सेल के आंकड़ों से मिलता है। रिपोर्ट्स और विश्लेषकों के अनुमानों के मुताबिक, गेम के प्री-ऑर्डर से ही $1 अरब से ज्यादा की बिक्री हो चुकी है। हालांकि, कंपनी ने प्री-ऑर्डर की आधिकारिक बिक्री का आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है। इससे पहले GTA 5 ने रिलीज के महज तीन दिनों के भीतर $1 अरब की बिक्री का आंकड़ा छू लिया था। अब GTA 6 से उससे भी बड़े रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है।
गेम का ट्रेलर हुआ वायरल
पूरी GTA फ्रेंचाइजी अब तक दुनियाभर में 47 करोड़ से ज्यादा यूनिट बेच चुकी है। इसमें अकेले GTA 5 की हिस्सेदारी 23 करोड़ से अधिक यूनिट की है। गेम की लोकप्रियता का अंदाजा इसके ट्रेलर से भी लगाया जा सकता है। पहले ट्रेलर को 24 घंटे में YouTube पर 9.3 करोड़ से ज्यादा व्यू मिले हैं। वहीं, अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग ट्रेलर्स ने 24 घंटे में 47.5 करोड़ से ज्यादा व्यू हासिल किए हैं।
Vice City की दुनिया में लौटे गेमर्स
GTA 6 में गेमर्स की वापसी Vice City में हुई है। यह मियामी से प्रेरित एक काल्पनिक अमेरिकी शहर है। हालांकि, इस बार गेम का दायरा पहले से कहीं बड़ा है। इसकी कहानी अमेरिका के फ्लोरिडा से प्रेरित काल्पनिक राज्य Leonida में आगे बढ़ती है। गेम में दो मुख्य किरदार Lucia Caminos और Jason Duval हैं। दोनों एक अपराध की दुनिया में फंस जाते हैं और मुश्किल परिस्थितियों से निकलने के लिए एक-दूसरे का साथ देते हैं। गेम में विशाल ओपन वर्ल्ड, नए लोकेशन, बेहतर ग्राफिक्स और ज्यादा वास्तविक अनुभव इसकी खासियत हैं।
GTA 6 के लिए कंपनियों ने दी छुट्टी
गेम की दीवानगी सिर्फ गेमर्स तक सीमित नहीं है। दुनियाभर में कई कंपनियों ने कर्मचारियों को GTA 6 खेलने के लिए छुट्टी दी है। जापानी गेमिंग स्टूडियो Pocketpair, टेक कंपनी Logitech और अमेरिकी कंपनी Burger Motorsports ने कर्मचारियों के लिए पेड लीव या गेम खेलने का विशेष समय उपलब्ध कराया। वहीं, भारत में भी इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड boAt और इंटीरियर डिजाइन कंपनी Inde इस ट्रेंड में शामिल हुईं।
बेंगलुरु के 1600 डेवलपर्स का योगदान
इस ग्लोबल गेम की सफलता में भारत का भी बड़ा योगदान है। Rockstar Games के बेंगलुरु स्थित स्टूडियो के करीब 1,615 डेवलपर्स ने GTA 6 के निर्माण में काम किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम ने गेम के ओपन-वर्ल्ड एनवायरमेंट, एसेट्स और Vice Beach जैसे लोकेशन को तैयार करने में योगदान दिया है।
बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी सोशल मीडिया पर भारतीय डेवलपर्स के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में 1995 में राजेश राव ने Dhruva Interactive की शुरुआत की थी। बाद में इस गेम डेवलपमेंट स्टूडियो का Rockstar Games से जुड़ाव हुआ और 2019 में इसका अधिग्रहण किया गया।









































