Mahindra अपने ग्राहकों के लिए Mahindra XUV 3XO CNG लाने जा रहा है। इस एसयूवी का टीजर हाल ही में जारी हुआ है, जिसमें इसकी झलक देखने को मिली है।महिंद्रा अपनी पॉपुलर SUV XUV3XO का सीएनजी वर्जन लाने की तैयारी कर रही है। इस नई SUV के आने से कंपनी के पोर्टफोलियो में CNG का विकल्प जुड़ जाएगा। फिलहाल महिंद्रा की SUV रेंज में फैक्ट्री-फिटेड CNG मॉडल उपलब्ध नहीं है। ऐसे में XUV3XO CNG का मुकाबला सीधे Tata Nexon i-CNG और Maruti Brezza S-CNG जैसी गाड़ियों से होगा।
XUV3XO CNG का टीजर जारी
महिंद्रा ने अपकमिंग XUV3XO का टीजर हाल ही में जारी किया है, जिसमें लाल रंग की SUV दिखाई गई है। इसके फ्रंट में बॉडी कलर पैनल, दोनों हेडलैंप के बीच मेटैलिक इंसर्ट और बीच में कंपनी का Twin Peaks लोगो नजर आता है। इसके अलावा LED डे टाइम रनिंग लाइट्स, ब्लैक ORVMs और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स भी दिखाई देते हैं। टीजर के अंत में 15 अक्टूबर 2026 की तारीख दिखाई गई है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी इस दिन SUV से जुड़ी अहम जानकारी सामने ला सकती है।टेस्टिंग के दौरान भी आई नजर
XUV3XO CNG को टेस्टिंग के दौरान भी देखा गया है। सामने आई तस्वीरों में सफेद रंग की SUV की पिछली विंडशील्ड पर CNG का स्टिकर नजर आता है। गाड़ी में कनेक्टेड टेललैंप, रूफ रेल्स, रियर स्पॉइलर, रियर वाइपर और सिल्वर फिनिश वाला रियर बंपर दिखाई देता है। हालांकि, कंपनी इसमें सिंगल-सिलेंडर या ड्यूल-सिलेंडर CNG सेटअप देगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। बूट स्पेस पर इसका कितना असर पड़ेगा, यह भी लॉन्च के समय स्पष्ट हो सकता है।
इंजन और फीचर्स की जानकारी
उम्मीद है कि XUV3XO CNG में 1.2-लीटर टर्बोचार्ज्ड MPFI पेट्रोल इंजन पर आधारित सेटअप दिया जाएगा। पेट्रोल मोड में यह इंजन लगभग 110 bhp की पावर और 200 Nm का टॉर्क देता है। हालांकि, CNG मोड में पावर और टॉर्क कितना होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी नहीं मिली है। ट्रांसमिशन और माइलेज का खुलासा भी बाकी है।
कितनी हो सकती है कीमत?
XUV3XO CNG के REVX M और AX5 वेरिएंट में आने की उम्मीद है। फिलहाल REVX M पेट्रोल की एक्स-शोरूम कीमत 8.59 लाख रुपये है, जबकि AX5 पेट्रोल वेरिएंट की कीमत 10 लाख से 11.88 लाख रुपये तक है। माना जा रहा है कि शुरुआती CNG वेरिएंट की कीमत 10 लाख रुपये से कम रखी जा सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी कीमत की पुष्टि नहीं की है। लॉन्च के बाद यह SUV उन ग्राहकों के लिए नया विकल्प बन सकती है, जो SUV के साथ कम ईंधन खर्च चाहते हैं।








































