Sahara India refund status : 7 दिन में ₹221 करोड़ ट्रांसफर, ऐसे चेक करें अपना क्लेम

0

केंद्र सरकार ने सहारा इंडिया के लाखों क्लेम सेटल कर दिए हैं। पिछले 7 दिन में ही सरकार ने लोगों के खातों में 221 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। अगर आपका भी क्लेम अटका है, तो ऐसे चेक करें।

Sahara India Refund Status: सहारा इंडिया की सहकारी समितियों में पैसा लगाने वाले निवेशकों के लिए रिफंड को लेकर बड़ा अपडेट आया है। सरकार अब तक 47.15 लाख से ज्यादा निवेशकों के बैंक खातों में ₹10,037.47 करोड़ ट्रांसफर कर चुकी है। 18 नवंबर, 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 7 दिनों में ही पात्र निवेशकों को ₹221.45 करोड़ का भुगतान किया गया है। करीब 1.51 करोड़ लोगों ने रिफंड के लिए आवेदन किया है, ऐसे में अब भी लाखों निवेशक अपने पैसे का इंतजार कर रहे हैं।

47 लाख से ज्यादा निवेशकों को मिला पैसा

सरकार की ओर से सहारा रिफंड की प्रक्रिया सेंट्रल रजिस्ट्रार ऑफ कॉपरेटिव सोसायटीज (CRCS) के जरिए संचालित की जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 1.51 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 47.15 लाख से ज्यादा निवेशकों के दावों पर भुगतान किया जा चुका है। कुल रिफंड की रकम ₹10,037.47 करोड़ पहुंच गई है। पिछले एक सप्ताह में ₹221.45 करोड़ का भुगतान इस प्रक्रिया में लगातार हो रही प्रगति को दिखाता है।

घर बैठे ऐसे चेक करें अपना पैसा

Sahara Refund Status: अगर आपने भी सहारा रिफंड के लिए आवेदन किया है, तो आपको अपने पैसे का स्टेटस जानने के लिए किसी ऑफिस या एजेंट के पास जाने की जरूरत नहीं है। आप आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन जानकारी हासिल कर सकते हैं।

इसके लिए सबसे पहले https://mocrefund.crcs.gov.in पर जाएं। यहां Depositor Login का विकल्प चुनें। अब आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करें और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा भरें। इसके बाद मोबाइल पर आए OTP के जरिए लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद डैशबोर्ड पर अपने आवेदन और क्लेम का स्टेटस देख सकते हैं।

4 सहकारी समितियों के निवेशकों को मिल रहा रिफंड

सरकार की रिफंड सुविधा चार सहकारी समितियों के पात्र जमाकर्ताओं के लिए है। इनमें Sahara Credit Cooperative Society Limited, Lucknow; Saharayan Universal Multipurpose Society Limited, Bhopal; Humara India Credit Cooperative Society Limited, Kolkata और Stars Multipurpose Cooperative Society Limited, Hyderabad शामिल हैं।

पैसा नहीं आया तो क्या करें?

अगर आपके खाते में अभी तक पैसा नहीं आया है, तो सबसे पहले पोर्टल पर आवेदन की स्थिति देखें। आवेदन Under Process दिखने का मतलब है कि सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। अगर आवेदन में कोई कमी बताई गई है, तो जरूरी सुधार करके दोबारा दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके लिए सरकार ने https://mocresubmit.crcs.gov.in पर Re-submission की सुविधा दी है।

आवेदन की जांच के लिए संबंधित सहकारी समितियों को सामान्यतः 30 दिन और आगे की प्रक्रिया के लिए 15 दिन का समय निर्धारित है। इस तरह आवेदकों को 45 दिनों के भीतर निर्णय की जानकारी देने का प्रावधान है। निवेशकों को अपना बैंक खाता और आधार सीडिंग की स्थिति भी जांचनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here