मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में सात माह की गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी आर्मी से रिटायर्ड हवलदार को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से गांव में रोष और तनाव की स्थिति है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।खरगोन: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में सात महीने की एक गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेना से सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) हवलदार को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के सामने आने के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
घर में घुसकर की गई हैवानियत
भीकनगांव के एसडीओपी केतन अड़लक ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला वर्तमान में अपने मायके में रह रही थी। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे आरोपी माल सिंह रंधावे, जो सेना से हवलदार के पद से रिटायर्ड है, चुपचाप महिला के घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि, डरी-सहमी महिला ने हिम्मत जुटाकर तुरंत अपने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया गया।महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी माल सिंह रंधावे को शुक्रवार शाम को ही गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सेना से रिटायर्ड हवलदार है। उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
केतन अड़लक, एसडीओपी, भीकनगांव
गांव में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को मिली, बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। बढ़ते तनाव को देखते हुए चैनपुर थाना प्रभारी गणपत कनेल तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए ग्रामीणों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।










































