फुटबॉल और वॉलीबॉल में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन,
राष्ट्रीय स्तर पर भी बना चुकी हैं पहचान
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। कन्या शिक्षा परिसर गोंगलई, बालाघाट की छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आकर परिसर में अध्ययनरत छात्राएं फुटबॉल, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर के मार्गदर्शन में छात्राओं को खेलों के लिए बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। विद्यालय के कोच एवं खेल प्रशिक्षक कमल किशोर तेलासे द्वारा छात्राओं को नियमित प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है।इसी क्रम में शाजापुर जिले के शुजालपुर में 3 से 7 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में कन्या शिक्षा परिसर गोंगलई की तीन छात्राएं प्रतीक्षा धुर्वे, प्राची एवं निशा धुर्वे ने भाग लिया। छात्राओं ने प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जिले की छात्राएं करेंगे प्रतिनिधित्व
उधर विदिशा में 6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कन्या शिक्षा परिसर की छात्रा मोनिका मरकाम, अनुराधा धुर्वे, आरती एवं आंचल बालाघाट जिले का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इसके अलावा छतरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मिनी फुटबॉल प्रतियोगिता में भी परिसर की पांच छात्राओं ने भाग लेकर अपने प्रदर्शन से विद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया।
राष्ट्रीय स्तर पर भी पहुंची छात्राएं
कन्या शिक्षा परिसर की खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन राज्य स्तर तक ही सीमित नहीं रहा है। गत वर्ष परिसर की चार छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। लगातार सामने आ रही इन खेल उपलब्धियों से यह साबित हो रहा है कि उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की बेटियां भी खेल के क्षेत्र में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।छात्राओं की उपलब्धि पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर, प्राचार्य श्रीमती सुनीता बोरकर, जिला खेल अधिकारी डी.के. मेश्राम, जिला एथलेटिक संघ अध्यक्ष नरेश धुवारे, कोच कमल किशोर तेलासे, मोटिवेटर अजय बैस, प्रशिक्षक शैलेंद्र यादव सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।









































