देवास। जिले के हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र के अंतिम गांव होशयारी में शिप्रा नदी पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बना मिनी डैम पहली ही तेज बारिश की परीक्षा में खरा नहीं उतर सका।कुछ माह पहले ही प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने इसका लोकार्पण किया था, लेकिन अब डैम की सीमेंट-कांक्रीट से बनी रिटर्न वॉल तेज बहाव में बह गई। घटना के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया
घटना का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में तेज बहाव के साथ रिटर्न वॉल का हिस्सा बहता दिखाई दे रहा है। दीवार टूटने के बाद निर्माण सामग्री भी खुलकर सामने आ गई, जिसे लेकर ग्रामीण घटिया निर्माण का आरोप लगा रहे हैं।गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने और तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए
उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने निर्माण की यह हालत पहली ही वर्षा में हो जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। इस सम्बंध में ग्रामीणों ने विधायक मनोज चौधरी को सूचना दी, जिस्के बाद वे भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने और तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
प्रोटेक्शन वॉल के पास धंसाव हुआ है
जल संसाधन विभाग की एसडीओ नेहा दुबे ने बताया कि तेज बहाव के कारण रिटर्न वॉल के अंदर की मिट्टी निकलने से प्रोटेक्शन वॉल के पास धंसाव हुआ है। फिलहाल अस्थायी मरम्मत कराई जा रही है, जबकि वर्षा समाप्त होने के बाद करीब 15 से 20 मीटर हिस्से का स्थायी रूप से पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
सुनवानी महाकाल के नाले में पलटा ट्रैक्टर
देवास: शिप्रा क्षेत्र स्थित ग्राम सुनवानी महाकाल गांव के नाले की पुलिया पर ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। किसान संघ के शेखर पटेल ने बताया कि घटना में दो महिलाओं और एक पुरुष को चोट आई है। उन्होंने बताया कि लोनिवि की लापरवाही से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद ट्रॉली को नाले से निकाला। ट्रॉली पलटने से उसमें भरी उपज का नुकसान होने की बात सामने आई है।










































