अभिनंदन समारोह एवं दीक्षार्थी का उद्बोधन कार्यक्रम संपन्न, १४ दिसंबर को लेंगी जैन भगवती दीक्षा
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। आगामी १४ दिसंबर को वारासिवनी में जैन भगवती दीक्षा अंगीकार करने जा रहीं सकल जैन समाज की गौरव दीक्षार्थी सुश्री गरिमा संचेती का वर्षीदान जुलूस (शोभायात्रा) शनिवार को नगर में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाला गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समाजजन एवं नगरवासी उपस्थित रहे तथा शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया।
निवास से प्रारंभ होकर मंदिर पहुंचा जुलूस
जैन श्री संघ लालबर्रा के तत्वाधान में आयोजित यह भव्य शोभायात्रा शनिवार को प्रात: १० बजे लालबर्रा गार्डन के सामने स्थित श्री विनीतकुमारजी संचेती के निवास स्थान से प्रारंभ हुई। धार्मिक जयघोष, मंगल गीतों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच जुलूस नगर के विभिन्न मार्गोंसे होता हुआ श्री शांतिनाथ जैन मंदिर लालबर्रा पहुंचकर संपन्न हुआ। यात्रा के दौरान दीक्षार्थी द्वारा वर्षीदान किया गया, जिसे देखने व धर्मलाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रध्दालु उपस्थित रहे। दीक्षार्थी सुश्री गरिमा संचेती स्व. विजयकुमार जी एवं श्रीमती कांताजी संचेती की सुपौत्री तथा श्री विनीतकुमारजी एवं श्रीमती शुभ्राजी संचेती की सुपुत्री हैं। संयम पथ पर अग्रसर होने के उनके निर्णय को लेकर संचेती परिवार सहित सकल जैन समाज में गौरव और अनुमोदना का भाव देखा गया। शोभायात्रा के दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रध्दालुओं ने दीक्षार्थी की अगवानी कर उनका अभिनंदन किया। वहीं शाम में पांढरवानी रोड़ स्थित लॉन में दीक्षार्थी का अभिनंनद समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ ही दीक्षार्थी सुश्री गरिमा संचेती का विशेष उद्बोधन कार्यक्रम संपन्न हुआ। दीक्षार्थी गरिमा संचेती ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष २०२१ से २०२६ तक का यह समय उनके लिए एक मुमुक्षु के रूप में स्वयं को तैयार करने का सफर रहा है। उन्होंने कहा कि वे परिवार के प्रत्येक सदस्य की हृदय से ऋणी हैं, जिन्होंने उनकी भावनाओं को केवल सुना ही नहीं, बल्कि समझा, परखा और उनके निर्णय को स्वीकार भी किया।






































