बोदलकसा पुलिया पर अंधा मोड़ बना परेशानी का सबब, हादसे की आशंका

0

वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बोदलकसा के प्रारंभ में स्थित पुलिया और सडक़ का घुमावदार निर्माण राहगीरों की जान के लिए आफ त बन गया है। अंग्रेजी वर्णमाला के एस आकार में बनी इस सडक़ के ठीक मध्य में एक पुलिया स्थित है। जहां हर पल भीषण सडक़ दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है। ग्रामीणों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों ने शासन प्रशासन से यहां तत्काल सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है।

अंधा मोड़ और सांकेतिक बोर्ड का अभाव

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिया के दोनों ओर अत्यंत खतरनाक अंधे मोड़ हैं। यहां मोड़ पर अचानक सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते जिससे गाडियां अनियंत्रित हो जाती हैं। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब राहगीर अचानक मुड़ते हैं और सामने से आने वाली गाडिय़ां ब्रेक तक नहीं लगा पातीं। इतने संवेदनशील मोड़ के बावजूद संबंधित विभाग के द्वारा यहां अब तक ना तो कोई टर्निंग गार्ड लगाया गया है और ना ही किसी प्रकार का सांकेतिक बोर्ड स्थापित किया गया है। मार्ग संकरा है इसके ठीक बगल में गहरा नाला बहता है। ढलान और तीखे मोड़ के कारण कई बार अनियंत्रित होकर वाहन सीधे नाले में जा गिरते हैं। दिन के उजाले में स्थानीय लोग जैसे तैसे सावधानी पूर्वक निकल जाते हैं। रात के अंधेरे में विशेषकर नए राहगीरों और वाहन चालकों को सडक़ का मोड़ और ढलान समझ पाना बेहद कठिन हो जाता है जिससे कई लोग दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। यह मार्ग आगे चलकर सीधे कटंगी क्षेत्र को जोड़ता है और दर्जनों ग्रामीण पंचायतों के लिए संपर्क मार्ग का कार्य करता है। वारासिवनी मुख्यालय आने जाने के लिए रोजाना सैकड़ों ग्रामीण साइकिल, मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों से इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। भारी कमर्शियल वाहनों की भी निरंतर आवाजाही बनी रहती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस रास्ते से होकर बड़ी संख्या में स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थी रोजाना गुजरते हैं, जिससे हर समय बड़े हादसे का डर सताता रहता है। ग्रामीण राहगीर ने शासन प्रशासन से मांग की है कि पुलिया के दोनों ओर तत्काल प्रभाव से टर्निंग गार्ड और रेडियम युक्त साइन बोर्ड लगा कर पुलिया और संकरे मार्ग का चौड़ीकरण किया जाए। ताकि रात के समय वाहनों को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाया जा सके।

मार्ग के दोनों तरफ अंधा मोड़ होने से रास्ता और वाहन नहीं दिखाई देते – तुलसीराम जैतवार

ग्रामीण तुलसीराम जैतवार ने बताया की बोदलकसा खापा की यह सीमा है यहां पर एक नाला है। आने जाने में समस्या इसलिए है कि दोनों तरफ अंधा मोड़ है आगे का रास्ता और वाहन दोनों स्पष्ट नहीं दिखाई देते हैं। कई बार वाहन नाले में उतर जाते हैं नए लोगों के साथ यह समस्या होती है। क्योंकि कोई सुरक्षा नहीं है अपने हिसाब से लोग आना जाना करते हैं जिन्हें पता है वह ठीक है और जिन्हे नहीं पता उनसे दुर्घटना होती है। यहां टर्निंग गार्ड लगने चाहिए ताकि लोगों को टर्निंग पता रहे दोनों तरफ गोलाई है आगे का स्पष्ट दिखता नहीं है। यह मार्ग कटंगी के लिए निकलता है इस पर से यात्री वाहन छोडक़र सभी भारी वाहन ऑटो ट्रक टेंपो आना जाना करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here