पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मदनपुर स्थित पट मैदान के पास से बहने वाला नाला इन दिनों स्थानीय ग्रामीणों और कृषकों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। मदनपुर और कायदी गांव के बीच बहने वाले इस नाले पर दशकों बाद भी पुलिया का निर्माण नहीं हो सका है। जिसके कारण रोजाना यहां से गुजरने वाले सैकड़ों ग्रामीणों, महिलाओं और खेतिहर मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन प्रशासन की इस घोर उपेक्षा को लेकर अब क्षेत्र के ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
रेलवे स्टेशन और खेतों तक पहुंचने का एकमात्र शॉर्टकट
विदित हो कि यह नाला मदनपुर और कायदी के बीच की भौगोलिक सीमा पर बहता है। नाले के दोनों ओर बड़े पैमाने पर खेती किसानी होती है। मदनपुर के ग्रामीणों के लिए कायदी रेलवे स्टेशन, जिला मुख्यालय बालाघाट सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में जाने के लिए यह सबसे छोटा और सुगम मार्ग है। सबसे ज्यादा आवागमन कायदी रेलवे स्टेशन के लिए होता है। इसके अलावा कायदी की तरफ स्थित खेतों में काम करने के लिए मदनपुर से रोजाना बड़ी संख्या में महिला पुरुष और मजदूर इसी मार्ग से आना जाना करते हैं। वहीं कायदी के लोग भी विभिन्न कार्यों के लिए मदनपुर इसी रास्ते से आते हैं। पुलिया ना होने का सबसे खराब रूप बारिश के दिनों में देखने को मिलता है। जब नाला उफान पर होता है तो इस मार्ग से दोपहिया या साइकिल से निकलना किसी खतरे से खाली नहीं है और कई बार तो आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। इस समस्या के कारण ग्रामीणों को महज कुछ मीटर का नाला पार करने के बजाय करीब ५ किलोमीटर का लंबा और कष्टदायी फेरा काटकर प्रतिदिन अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे ना सिर्फ ग्रामीणों का समय बर्बाद हो रहा है बल्कि आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। केवल नाला ही नहीं बल्कि पट मैदान से होकर गुजरने वाले इस पूरे पहुंच मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। पूरे रास्ते में बडे बड़े गड्ढे उभर आए हैं जिससे पैदल चलना भी दूभर हो गया है। खराब सडक़ और बिना पुलिया के नाले ने मिलकर ग्रामीणों के सफ र को बेहद कष्टदायक और जोखिमभरा बना दिया है। कृषकों और ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि किसानों और मजदूरों के हित को ध्यान में रखते हुए इस नाले पर पाइप या सीमेंट की पक्की पुलिया का निर्माण कराया जाए साथ ही पट मैदान वाले पहुंच मार्ग का भी सुदृढ़ीकरण किया जाए।
बाइट उमाशंकर ठाकरे ग्रामीण
ईश्वरी भगत ग्रामीण










































