दीवार गिरने से शौचालय गए ९ वर्षीय रियांश की दर्दनाक मौत

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत तुमाड़ी में गुरुवार को प्रकृति ने ऐसा कहर बरपाया जिसने एक हंसते खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। क्षेत्र में अचानक हुई झमाझम बारिश और आकाशीय बिजली की तेज गर्जना के बीच एक घर के शौचालय की दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे की चपेट में आने से शौचालय गए एक ९ वर्षीय रियांश बालक की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल से लौटकर शौचालय गया था बालक

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तुमाड़ी के वार्ड नंबर ४ निवासी जितेंद्र नगपुरे पेशे से मजदूर हैं। वे अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ यहां रहते हैं। रोज की तरह गुरुवार को भी जितेंद्र काम करने गए हुए थे जबकि उनकी पत्नी घर के कार्यों में व्यस्त थी। दोनों बच्चे स्कूल गए थे दोपहर करीब ४ बजे जब स्कूल की छुट्टी हुई तो दोनों भाई हंसते.खेलते घर लौटे। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद बड़ा बेटा रियांश नगपुरे उम्र ९ वर्ष शौच के लिए घर के आंगन में बने शौचालय में गया था। इसी दौरान यह भयानक हादसा हो गया।

अचानक बदला मौसम आकाशीय बिजली गिरने की आशंका

ग्रामीणों के अनुसार शाम होने से पहले ही अचानक आसमान में काले घने बादल छा गए। हल्की हवाओं के साथ शुरू हुआ बूंदाबांदी का दौर देखते ही देखते झमाझम बारिश में बदल गया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक कडक़ड़ाती बिजली और बादलों की भीषण गर्जना के साथ यह झमाझम बारिश होती रही। इसी दौरान एक तेज गर्जना और बिजली कडक़ने के साथ ही जितेंद्र नगपुरे के शौचालय की दीवार अचानक ढह गई। आशंका जताई जा रही है कि आकाशीय बिजली गिरने के जोरदार झटके या सीधे उसकी चपेट में आने के कारण ही दीवार गिरी जिसके मलबे में रियांश बुरी तरह दब गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

दीवार गिरने की आवाज सुनकर मां और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। मलबे को हटाकर रियांश को बेसुध हालत में बाहर निकाला गया। परिजन और ग्रामीण बिना वक्त गंवाए रियांश को तत्काल सिविल अस्पताल वारासिवनी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रियांश की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से तहरीर के माध्यम से तत्काल थाना वारासिवनी को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृत बालक के शव का पंचनामा बनाकर वहां मौजूद परिजनों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। फि लहाल बालक के शव को सिविल अस्पताल वारासिवनी परिसर में स्थित शव विच्छेदन गृह के फ ्रीजर में सुरक्षित रखवा दिया गया है। जिसका शुक्रवार की सुबह १० बजे पोस्टमार्टम किया जाएगा जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच प्रारंभ कर दी है।

तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से दीवार गिरी – जयराम गौतम

ग्रामीण जयराम गौतम ने बताया की यह घटना हमारे घर के सामने की हैं। जितेंद्र नगपुरे का बालक स्कूल से घर आया था जो शौचालय में शौच करने के लिए गया हुआ था। यह उस समय की घटना है जब तेज बारिश हो रही थी तभी अचानक शौचालय की दीवार गिरी और परिजनों का सोर सुनाई दिया। हम लोग जाकर बच्चे को तत्काल अस्पताल में लेकर आए यहां डॉक्टर मौत होना बताया है। शायद तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से दीवार गिरी है यह दो भाई थे बडे भाई की मौत हो गयी हैं। मामले में पुलिस अब अपनी कार्यवाही कर रही है।

बाइट जयराम गौतम ग्रामीण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here