मलेरिया जांच नेगेटिंव, उधर बुखार के बाद ढाई साल के बच्चे की मौत

0

परसा टोला के बैगा टोला का मामला, परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लगाए गंभीर आरोप;
मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं, अधिकारियों का नही आया कोई बयान
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। जिले के आदिवासी अंचल में बच्चों की लगातार हो रही मौतों के बीच एक और बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। परसा टोला ग्राम पंचायत के बैगा टोला में ढाई साल के बच्चे हिमांशु मिरावी की बुखार के बाद मौत हो गई।परिजनों के अनुसार बच्चे को बुधवार से बुखार था। इसके बाद गांव में पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के सीएचओ और एएनएम द्वारा बच्चे की मलेरिया जांच की गई। परिजनों का दावा है कि जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी।परिजनों का आरोप है कि मलेरिया जांच निगेटिव आने के बाद बच्चे को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई दवा नहीं दी गई। बुखार की स्थिति बनी रहने के बाद करीब तीन दिन के भीतर बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद बैगा टोला सहित आसपास के क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

मलेरिया निगेटिव, फिर भी बुखार बना रहा
परिजनों के मुताबिक बच्चे को लगातार बुखार रहने के बावजूद मलेरिया जांच निगेटिव बताई गई। इसके बाद बच्चे को किस बीमारी के कारण बुखार था और उसे आगे किस प्रकार का उपचार दिया गया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिजनों का आरोप है कि जांच के बाद बच्चे को आवश्यक दवा नहीं मिली।

मौत के कारण पर आधिकारिक पुष्टि बाकी
बच्चे की मौत मलेरिया से हुई या किसी अन्य बीमारी अथवा संक्रमण के कारण, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग अथवा प्रशासन की ओर से भी घटना और उपचार संबंधी परिस्थितियों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में मौत का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

लगातार सामने आ रहे बच्चों की मौत के मामले
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में बुखार, मलेरिया, खसरा, त्वचा संबंधी बीमारी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के बीच बच्चों की मौत के मामले लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। ऐसे में परसा टोला के बैगा टोला में हुई इस बच्चे की मौत ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और समय पर उपचार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच और आधिकारिक रिपोर्ट पर हैं।ज्ञात हो कि आज (शनिवार) सुबह ही एक 10 वर्षीय बच्ची की मौत का भी मामला सामने आया था। सुबह को सामने आए इस मामले के बाद शाम को एक ढाई साल के बच्चे की मौत होने की यहां दूसरी घटना सामने आई है।
00000000000000000000000000000000

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here