महाराष्ट्र में मिलावटी दूध का बड़ा भंडाफोड़, सोलापुर में FDA ने 15 लाख रुपये का 37 हजार लीटर से ज्यादा दूध किया नष्ट

0

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के सांगोला में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मिलावटी दूध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लाख रुपये मूल्य के 37,532 लीटर मिलावटी दूध को जब्त कर नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई शनिवार देर शाम बुरांगेवाड़ी स्थित अजिंक्यराना दूध संग्रह केंद्र पर की गई, जहां से कथित तौर पर बड़े पैमाने पर मिलावटी दूध की सप्लाई की जा रही थी।

एफडीए अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान दूध के नमूने लिए गए, जिनकी जांच में बड़े स्तर पर मिलावट की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरे स्टॉक को जब्त कर नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई राज्यभर में मिलावटी दूध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।

स्थानीय लोगों को लंबे समय से दूध में मिलावट की आशंका

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि संदीप उर्फ गोट्या साधन गावड़े, श्रीकांत साधन गावड़े, विजय शामराव पाटिल और अन्य लोग कथित तौर पर इस अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से बुरांगेवाड़ी के इस दूध संग्रह केंद्र के माध्यम से सोनाई उद्योग समूह को दूध की आपूर्ति की जा रही थी। स्थानीय लोगों को लंबे समय से दूध में मिलावट की आशंका थी, जिसकी सूचना FDA तक पहुंची।

सूचना के आधार पर FDA ने 11 जुलाई की शाम अचानक छापा मारकर दूध के नमूने एकत्र किए। जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों ने हजारों लीटर दूध नष्ट कर दिया। FDA की शिकायत पर पुलिस ने दूध संग्रह केंद्र के संचालकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here