बड़वानी: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में मंगलवार को कॉलेज परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब छात्रा पर युवक ने चाकू से हमला कर दिया। कॉलेज की 18 वर्षीय छात्रा ने शादी से इनकार कर दिया। इससे नाराज युवक ने पहले देसी कट्टे से फायर करने की कोशिश की। इसके बाद चाकू निकालकर छात्रा की गर्दन के नीचे वार कर दिया।
आरोपी को छात्रों ने पकड़ा
हमले में छात्रा घायल होकर बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद छात्रों ने आरोपी को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घटना वीर बलिदानी खाज्या नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय की है। सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे के मुताबिक बीए प्रथम वर्ष की छात्रा संगीता सेनानी हिंदी विषय की परीक्षा देकर अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज से बाहर निकल रही थी। विज्ञान भवन के सामने पहुंचने पर बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र गणेश ठाकुर ने कथित तौर पर उस पर पिस्टल तानकर फायर करने की कोशिश की। पिस्टल नहीं चलने पर उसने चाकू से संगीता की गर्दन के नीचे वार कर दिया।पीड़ित की सहेली भी हो गई घायल
हमले के बाद संगीता मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गई। घटना देखकर उसकी सहेली रोशनी भी बेहोश हो गई। अचानक हुए हमले से कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई। कुछ छात्रों ने आरोपी गणेश ठाकुर को पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे रोके रखा। सूचना मिलने पर सेंधवा शहर थाना पुलिस कॉलेज पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सिविल अस्पताल सेंधवा में भर्ती करवाया गया
घायल संगीता को तत्काल सिविल अस्पताल सेंधवा ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। एसडीओपी के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
15 दिन से दे रहा था धमकी
पुलिस के मुताबिक गणेश और संगीता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। गणेश कथित तौर पर संगीता से शादी करना चाहता था। कुछ दिन पहले संगीता की किसी अन्य युवक से सगाई हो गई थी। इसके बाद से गणेश नाराज था। एसडीओपी ने बताया कि आरोपी पिछले करीब 15 दिनों से संगीता को कथित तौर पर धमका रहा था और कह रहा था कि वह उसकी शादी किसी अन्य युवक से नहीं होने देगा।
कॉलेज में मौजूद थे 500 छात्र
कॉलेज प्राचार्य ज्ञान सिंह वास्कले ने बताया कि घटना के समय परिसर में करीब 500 विद्यार्थी मौजूद थे। घटना के तत्काल बाद पुलिस और छात्रा के माता-पिता को सूचना दी गई। प्राचार्य ने बताया कि जिस विज्ञान भवन के सामने घटना हुई, वहां लगे CCTV कैमरे फिलहाल काम नहीं कर रहे हैं।
देसी पिस्टल और चाकू जब्त किया
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल और चाकू जब्त किया है। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियारों के स्रोत और आरोपी द्वारा छात्रा को पूर्व में दी गई कथित धमकियों की भी जांच कर रही है। छात्र और छात्रा दोनों आदिवासी समुदाय से हैं।






































