ग्रामीणों ने कि शिकायत जनशिक्षक ने बनाया पंचनामा
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत थानेगांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में एक शिक्षिका द्वारा ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराकर वापस घर लौट जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से ग्रामीणों में रोष है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे जनशिक्षक ने पंचनामा तैयार कर बीआरसी कार्यालय को सौंप दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला थानेगांव में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती मनीषा मेश्राम १७ अक्टूबर को विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने स्कूल पहुंचकर पहले ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज की। इसके बाद उन्होंने अपना स्वास्थ्य खराब होने का हवाला देते हुए प्रधान पाठक के नाम एक लिखित छुट्टी का आवेदन दिया और वापस अपने घर चली गईं। शिक्षिका के इस तरह अचानक ऑनलाइन हाजिरी लगाकर घर लौटने की प्रक्रिया को ग्रामीणों ने देख लिया। ग्रामीणों ने तत्काल स्कूल पहुंचकर इस विषय में पूछताछ की और कार्य के प्रति लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी वारासिवनी बीआरसी सतेन्द्र शरणागत को दूरभाष पर घटना की जानकारी दी। मामले की सूचना मिलते ही बीआरसी के निर्देश पर जनशिक्षक लक्ष्मीनारायण कावडे तुरंत शासकीय प्राथमिक शाला थानेगांव पहुंचे। उन्होंने स्थिति का संज्ञान लेते हुए ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में मौका पंचनामा तैयार किया। जनशिक्षक ने शिक्षिका के इस कृत्य को पदीय दायित्वों के प्रति प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए पंचनामा रिपोर्ट आगे की कार्यवाही हेतु बीआरसी कार्यालय वारासिवनी को प्रेषित कर दी है।
आये दिन मेडम ऑनलाइन हाजिरी लगाकर घर चली जाती है- देवराज साकरे
ग्रामीण देवराज साकरे ने बताया की प्राथमिक स्कूल की मैडम श्रीमती मनीषा मेश्राम ऑनलाइन हाजिरी लगाकर चल गई १०.३० बजे वह स्कूल से बाहर निकल गई। यहां हम आए तो दो शिक्षक पढ़ा रहे हैं अभी एक शिक्षक को जो प्रधानपाठक हैं उन्हें कहीं जाना है तो एक शिक्षक पांच कक्षाओं को कैसे पढ़ाई कर सकता है। तीन शिक्षक यहां पर है यह सुबह चले जाते हैं और शाम ५ बजे जाकर फिर उपस्थित लगा देते हैं। अभी तक चार बार तो हम देख चुके हैं अब इनके बारे में हमें सोचना पड़ेगा तभी बच्चों की अच्छी पढ़ाई हो सकेगी।
मैडम जब ग्रामीण या पालक आते हैं तो उन पर भी आक्रोशित होती है-नंदकिशोर पिछोड़े
ग्रामीण नंदकिशोर पिछोड़े ने बताया कि प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती मनीषा मेश्राम ने जाकर हाजिरी लगाई और चले गई पांच.छह बार ऐसा हो गया है। इनके ऐसे करने से बच्चों की ढंग से पढ़ाई नहीं हो रही है जब यह लोग ड्यूटी पर आते हैं तो शाम ५ बजे तक इन्हें रहना चाहिए। यह मैडम जब ग्रामीण या पालक आते हैं तो उन पर भी आक्रोशित होती है हम यही चाहते हैं कि दोबारा ऐसा ना हो।
मेडम के घर जाने पर जन शिक्षक ने कार्यवाही की है-नंदकिशोर डोंगरे
प्रधान पाठक नंदकिशोर डोंगरे ने बताया कि हमारे यहां की मैडम ऑनलाइन उपस्थिति लगाकर चल गई उन्होंने एक आवेदन लिखित में दिया था। परंतु अधिकारियों से चर्चा करने पर ज्ञात हुआ कि आवेदन मान्य नहीं है। इसमें उन्होंने स्वास्थ्य खराब होने का कारण दिया है जन शिक्षक ने कार्यवाही की है।
आनलाइन हाजरी लगाकर घर जाना दायित्व के प्रति लापरवाही प्रतीत करता है-जन शिक्षक
जन शिक्षक लक्ष्मीनारायण कावडे ने बताया कि प्राथमिक स्कूल थानेगांव में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती मनीषा मेश्राम उपस्थिति लगाकर वापस लौट गई। इस विषय पर ग्रामीण आक्रोशित थे जहां मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा बनाया गया है। यह कार्य दायित्व के प्रति लापरवाही प्रतीत करता है बच्चों को गुणवत्ता पूर्वक शिक्षा देने में ध्यान होना चाहिए यह पंचनामा वरिष्ठ कार्यालय को दिया जाएगा।
बाइट देवराज साकरे ग्रामीण
नंदकिशोर पिछोड़े ग्रामीण










































