कटंगझरी के सिराटोला में ९४ लीटर अवैध महुआ शराब जब्त

0

२ आरोपी गिरफ्तार न्यायालय ने भेजा जेल

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण बिक्री और परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्राम कटंगझरी के सिराटोला क्षेत्र में दबिश देकर दो आरोपियों को भारी मात्रा में अवैध हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम कटंगझरी के सिराटोला में कुछ व्यक्तियों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब तैयार कर बेची जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन व निर्देश पर आबकारी विभाग की विशेष टीम का गठन कर मौके पर अचानक छापा मारा गया। कार्यवाही के दौरान टीम ने सिराटोला निवासी करण पिता मानिकराम बन्देश्वर ३० वर्ष तथा लक्ष्मीचंद पिता परमानन्द मेश्राम ३० वर्ष के मकान में दबिश दी। तलाशी लेने पर आरोपियों के घर से प्लास्टिक की केन और पानी की बोतलों में भरकर रखी गई कुल ९४ लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। वृत्त प्रभारी संदीप श्रीवास ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर यह छापामार कार्यवाही की गई थी। आरोपियों के कब्जे से कुल ९४ लीटर अवैध शराब जब्त कर दोनों को मौके से हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा ३४,२ के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें उपजेल भेज दिया गया है। इसमें कच्ची शराब उक्त व्यक्तियों के घर से बरामद की गई है,पूछताछ में इन्होंने शिरपुर से यह शराब लाना बताया परंतु व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई। इस कार्यवाही में वारासिवनी वृत्त प्रभारी संदीप श्रीवास, कटंगी वृत्त प्रभारी ज्योति सोनी, प्रधान आरक्षक नरसिंह टेकाम, आरक्षक भानुप्रताप मार्सकोले एवं महिला आरक्षक अनीता कुमरे का सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here