डलास: वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड मेजर लीग क्रिकेट में न्यूयॉर्क की ओर से खेल रहे हैं। 21 जून को हुए मुकाबले में टेक्सस सुपर किंग्स के खिलाफ खेलते हुए उनकी भिड़ंत शुभम रंजने से हो गई। दोनों खिलाड़ी पहले पिच पर भिड़े फिर दोनों के तेवर से माहौल गरमा गया। बात बढ़ी तो ऑन फील्ड अंपायर को बीच-बचाव करने के लिए आना पड़ा। अब इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कीरोन पोलार्ड की हुई भिड़ंत
यह घटना टेक्सस सुपर किंग्स के 11वें ओवर की है। इस मौके पर शुभम रंजने और मिलिंद कुमार बल्लेबाजी कर रहे थे। कीरोन पोलार्ड गेंदबाजी करने आए तो रंजने ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया। दूसरे गेंद पर 2 रन चुराने की फिराक में बल्लेबाज की पोलार्ड से जोरदार भिड़ंत हो गई। रंजने अपनी लाइन में दौड़ते हुए चले गए वहीं पोलार्ड अपनी जगह पर खड़े रहे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कीरोन के चेहरे के हाव-भाव बदल गए।
इसके बाद असली ड्रामा शुरू हुआ। तीसरे गेंद डालने से पहले कीरोन अपने एक्शन में रुक गए और बल्लेबाज को घूरने लगे। इसका बदला लेने के लिए रंजने ने अगली बार खुद को हटा लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच गहमा-गहमी बढ़ने के बाद ऑन फील्ड अंपायर को बीच में आकर मामला शांत करवाना पड़ा।
मुकाबले में पोलार्ड की टीम की जीत
बात की जाए मैच की तो टेक्सस सुपर किंग्स को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने के लिए आना पड़ा। शुभम रंजने (49) और मिलिंद कुमार के अलावा कोई भी खिलाड़ी लंबे समय तक क्रीज पर टिकने में कामयाब नहीं हुआ। नतीजतन सुपर किंग्स 158 के स्कोर पर सिमट गई। एमआई न्यूयॉर्क की ओर से निकोलस पूरन ने 46 गेंदों में 68 रन बनाकर मुकाबले को एकतरफा कर दिया। मोनांक पटेल ने 46 रन की पारी खेली जिसके चलते एमआई ने 14 गेंद और 8 विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली।












































